रोहतास। जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जहां अंधविश्वास को दरकिनार कर परिजनों ने सूझबूझ दिखाई। जिले के रोहतास थाना क्षेत्र अंतर्गत कर्मा गांव में एक महिला को विषैले सांप ने डस लिया, जिसके बाद परिजन न केवल महिला को बल्कि उस सांप को भी मारकर एक मिठाई के डिब्बे में बंद कर अस्पताल ले आए।
अधिवक्ता की पत्नी को सांप ने बनाया निशाना
मिली जानकारी के अनुसार कर्मा गांव निवासी अधिवक्ता सुजीत कुमार की पत्नी संगीता देवी को बीती रात एक जहरीले सांप ने डस लिया। सांप के काटते ही संगीता देवी की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। घर में अफरा-तफरी मच गई लेकिन परिजनों ने हिम्मत नहीं हारी। एक तरफ जहां कुछ लोग संगीता को अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे वहीं दूसरी ओर घर के अन्य सदस्यों ने उस सांप को ढूंढ निकाला और उसे मार दिया।
इलाज में मददगार साबित हुआ मरा हुआ सांप
परिजनों ने सांप को फेंकने के बजाय उसे एक खाली मिठाई के डिब्बे में पैक किया और सीधे सासाराम स्थित सदर अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल में मौजूद डॉक्टर उस वक्त दंग रह गए जब महिला के साथ-साथ उनके सामने डिब्बे में बंद सांप को पेश किया गया। हालांकि परिजनों की यह तरकीब डॉक्टरों के लिए बेहद मददगार साबित हुई। सांप को देखते ही डॉक्टरों ने उसकी प्रजाति और उसके विष की घातकता को पहचान लिया, जिससे सटीक एंटी-वेनम और दवाइयां देने में आसानी हुई।
फिलहाल महिला की स्थिति में सुधार
सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने तत्काल प्रभाव से संगीता देवी का इलाज शुरू किया। डॉक्टरों का कहना है कि सांप की पहचान हो जाने से सही समय पर सही उपचार संभव हो सका। वर्तमान में महिला की स्थिति स्थिर बनी हुई है और उनकी सेहत में निरंतर सुधार हो रहा है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

