बेगूसराय। शहर में एक बार फिर आस्था का सैलाब उमड़ने वाला है। ओडिशा के जगन्नाथ पुरी की तर्ज पर आगामी 19 जुलाई को शहर में भगवान श्री जगन्नाथ की दिव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी। श्री राधा कुंज बिहारी मठ के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस महोत्सव को लेकर जिले के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है और तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू कर दी गई हैं।
पिछले वर्ष के अनुभव से ली गई सीख
मठ के पदाधिकारी ईश्वर नाम दास और रक्षक गिरधारी दास ने बताया कि पिछले वर्ष बेगूसराय में पहली बार इस स्तर की रथ यात्रा का आयोजन हुआ था। पिछले साल भक्तों की भारी भीड़ के कारण निर्धारित मार्ग और गंतव्य स्थल छोटे पड़ गए थे। श्रद्धालुओं के इसी अटूट प्रेम और श्रद्धा को देखते हुए इस वर्ष प्रशासन से एक बड़े सार्वजनिक स्थान की मांग की गई है ताकि रथ यात्रा का समापन और महाप्रसाद वितरण सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
भक्ति और संकीर्तन से गूंजेगा शहर
रक्षक गिरधारी दास के अनुसार इस वर्ष आयोजन को और भी भव्य रूप दिया जा रहा है। भगवान जगन्नाथ, देवी सुभद्रा और भ्राता बलभद्र के विग्रहों को विशेष रूप से मंगाए गए फूलों और रेशमी वस्त्रों से सजे रथ पर विराजमान किया जाएगा। पूरी यात्रा के दौरान हरे कृष्णा-हरे रामा के संकीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहेगा। हजारों श्रद्धालु अपने हाथों से रथ की रस्सी खींचकर पुण्य के भागी बनेंगे। मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा और महाआरती की विशेष व्यवस्था की जाएगी।
सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर
मठ के सदस्य अच्युत, दिव्य नाम दास और सौरभ कुमार सिप्पी इस महोत्सव को सफल बनाने के लिए दिन-रात जुटे हुए हैं। उन्होंने साझा किया कि इस बार सुरक्षा और क्राउड मैनेजमेंट को प्राथमिकता दी जा रही है। भक्तों की सुविधा के लिए यात्रा के अंतिम पड़ाव पर शीतल जल, बैठने की उचित व्यवस्था और विशेष छप्पन भोग (महाप्रसाद) के वितरण की तैयारी है। मठ की ओर से अपील की गई है कि अधिक से अधिक संख्या में लोग इस आध्यात्मिक उत्सव का हिस्सा बनकर भगवान जगन्नाथ की कृपा प्राप्त करें।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

