अविनाश श्रीवास्तव/रोहतास। जिले में इन दिनों एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर उपभोक्ताओं के बीच अफरा-तफरी का माहौल है। विभिन्न गैस एजेंसियों पर सुबह होते ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। कड़ाके की ठंड और सुबह की ओस के बीच लोग सिलेंडर के लिए घंटों इंतजार करने को मजबूर हैं जिससे व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं।
सुबह 4 बजे से ही कतारों में लग रहे ग्रामीण
हैरानी की बात यह है कि जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले उपभोक्ता सुबह 4 से 5 बजे के बीच ही गैस एजेंसियों के बाहर डेरा डाल देते हैं। जबकि नियमानुसार अधिकांश एजेंसियों के काउंटर सुबह 9 बजे के बाद ही खुलते हैं। घंटों पहले पहुंचकर कतार में लगने की इस होड़ ने जिले में कृत्रिम किल्लत जैसी स्थिति पैदा कर दी है जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
अधिकारियों की अपील: पैनिक बुकिंग से बचें
भीड़ और अव्यवस्था को देखते हुए जिला आपूर्ति पदाधिकारी और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) के एरिया मैनेजर ने स्थिति स्पष्ट की है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, इसलिए उपभोक्ताओं को घबराने की बिल्कुल आवश्यकता नहीं है। उन्होंने आग्रह किया है कि लोग बेवजह काउंटर पर भीड़ न लगाएं और अपनी बारी का धैर्यपूर्वक इंतजार करें।
होम डिलीवरी और DAC सिस्टम पर जोर
प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी किए हैं कि सभी गैस एजेंसियां अनिवार्य रूप से होम डिलीवरी सुनिश्चित करें। उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि:
- पहले की तरह ही ऑनलाइन माध्यम (App, WhatsApp या Call) से अपना सिलेंडर बुक करें।
- बुकिंग के बाद मोबाइल पर प्राप्त DAC नंबर आने का इंतजार करें।
- जैसे ही सिलेंडर आपके घर पहुंचे हॉकर को DAC नंबर देकर अपना भरा हुआ सिलेंडर प्राप्त करें।
एजेंसियों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे उपभोक्ताओं को घर पर गैस पहुंचाने की व्यवस्था को दुरुस्त करें ताकि काउंटर पर अनावश्यक भीड़ को रोका जा सके।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

