अजय शास्त्री/बेगूसराय। बिहार में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस का ऑपरेशन क्लीन जारी है। ताजा मामला बेगूसराय जिले का है जहां एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की अपराधियों के साथ सीधी मुठभेड़ हुई है। इस गोलीबारी में एक अपराधी को गोली लगने की सूचना है जबकि पुलिस ने अब तक चार बदमाशों को दबोच लिया है।

​होटल में छिपे थे अपराधी, पुलिस ने डाला घेरा

​यह पूरी घटना बेगूसराय के मंसूरचक थाना क्षेत्र की है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ कुख्यात अपराधी समस्तीपुर और बेगूसराय के बॉर्डर पर स्थित नारायण चौक के एक होटल में ठहरे हुए हैं। सूचना मिलते ही बेगूसराय के सदर डीएसपी आनंद पांडेय के नेतृत्व में बछवारा, मंसूरचक और तियाय थाने की पुलिस के साथ एसटीएफ की टीम ने इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी।

​आमने-सामने की फायरिंग और सर्च ऑपरेशन

​जैसे ही पुलिस टीम होटल के करीब पहुंची, खुद को घिरा देख अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। बचाव में पुलिस और एसटीएफ की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की गई। इस मुठभेड़ के दौरान एक अपराधी को गोली लगी है हालांकि वह घायल अवस्था में ही मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अब तक चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि कुछ अन्य अपराधी अभी भी पास की झाड़ियों या रिहायशी मकानों में छिपे हो सकते हैं, जिन्हें पकड़ने के लिए पूरे इलाके को सील कर दिया गया है।

​दरभंगा लूटकांड से जुड़ा है कनेक्शन?

​पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस मुठभेड़ का सीधा संबंध हाल ही में दरभंगा में हुई 2 करोड़ रुपये की भीषण लूट से जोड़कर देखा जा रहा है। शुक्रवार को हुई उस वारदात के बाद से ही पुलिस की विशेष टीमें अपराधियों की लिस्ट बनाकर छापेमारी कर रही थीं। नारायण चौक पर पकड़े गए अपराधियों से पूछताछ में बड़े खुलासे होने की उम्मीद है। फिलहाल बेगूसराय पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीमें इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं ताकि फरार घायल अपराधी और उसके साथियों को जल्द से जल्द दबोचा जा सके।