प्रमोद कुमार/ कैमूर। बिहार की राजनीति में दल-बदल के साथ ही आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। कैमूर पहुंचे पूर्व खनन मंत्री बृजकिशोर बिंद ने भाजपा और एनडीए सरकार पर जमकर भड़ास निकाली। हाल ही में राजद का दामन थामने वाले बिंद ने अपनी पूर्व पार्टी की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए उसे तानाशाही और झूठ की सरकार करार दिया है।

​भाजपा में जी-हजूरी ही एकमात्र विकल्प

​बृजकिशोर बिंद ने भाजपा के आंतरिक लोकतंत्र पर प्रहार करते हुए कहा कि पार्टी के भीतर स्वतंत्र विचारधारा के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा में रहने के लिए बड़े नेताओं की हर बात माननी पड़ती है। बिंद के शब्दों में अगर बड़े नेता आम को इमली कहें तो कार्यकर्ताओं को भी उसे इमली ही कहना होगा। जो नेता वरिष्ठों के इशारों पर नहीं नाचते उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया जाता है। उन्होंने तंज कसा कि एनडीए ऐसे लोगों को तरजीह दे रहा है जिन्हें राजनीति का बुनियादी ज्ञान तक नहीं है।

​जंगलराज से भी बदतर हैं मौजूदा हालात

​एनडीए द्वारा अक्सर राजद के शासन को जंगलराज कहे जाने पर पलटवार करते हुए बिंद ने कहा कि वर्तमान सरकार के दौरान स्थिति और भी भयावह हो गई है। उन्होंने सवाल किया कि अगर पिछला दौर जंगलराज था तो आज का दौर क्या है? बिंद ने कहा दिनदहाड़े हत्याएं गोलीबारी और चाकूबाजी की घटनाएं आम हो गई हैं। प्रशासन पूरी तरह सुस्त है और अपराधी बेलगाम। यह जंगलराज से भी बड़ा राज चल रहा है जहां एनडीए की लापरवाही के कारण अपराधी मस्त और सरकार पस्त है।

​भ्रष्टाचार और वादों की विफलता पर घेरा

​पूर्व मंत्री ने केंद्र और राज्य की एनडीए सरकार को निकम्मी बताते हुए कहा कि यह सरकार केवल लूट-खसोट और घूसखोरी पर टिकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय किए गए वादे धरातल पर कभी नहीं उतरते। बिंद ने स्पष्ट रूप से कहा कि जब तक यह सरकार नहीं बदलती तब तक जनता को इस भ्रष्टाचार और अपराध से मुक्ति नहीं मिलेगी।