विजय कुमार, जमुई। जिले के बरुअटटा इलाके में आज रविवार (5 अप्रैल) को शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि दर्ज की गई, जब बिहार सरकार की सूचना प्रौद्योगिकी एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने नव निर्मित उत्क्रमित उच्च विद्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। इस स्कूल के शुरू होने से अब स्थानीय बच्चों को प्लस टू तक की पढ़ाई के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे ग्रामीणों में काफी खुशी का माहौल देखा गया।

अब तक केवल 8वीं तक होती थी पढ़ाई

इससे पहले इस क्षेत्र में केवल कक्षा एक से आठवीं तक की पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध थी। आगे की पढ़ाई के लिए छात्र-छात्राओं को करीब सात किलोमीटर दूर शहर जाना पड़ता था, जो कई बार आर्थिक और सामाजिक कारणों से संभव नहीं हो पाता था। ऐसे में इस नए स्कूल के खुलने से शिक्षा की राह आसान हो गई है।

फीता काटकर किया स्कूल का शुभारंभ

उद्घाटन के मौके पर मंत्री श्रेयसी सिंह ने फीता काटकर स्कूल का शुभारंभ किया। इस दौरान गांव की महिलाओं ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, छात्र-छात्राएं और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान अपने संबोधन में मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि, यह स्कूल सिर्फ सरकार का नहीं, बल्कि हर ग्रामीण परिवार का है। उन्होंने लोगों से अपील की कि स्कूल के विकास और रखरखाव में सभी अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

अकेले न जीत संभव न विकास- श्रेयसी सिंह

श्रेयसी सिंह ने यह भी कहा कि, किसी भी समस्या का समाधान स्थानीय स्तर पर भी संभव है, यदि सभी मिलकर प्रयास करें।
उन्होंने कहा कि, न तो चुनाव जीतना अकेले संभव है और न ही जमुई का विकास। इसके लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने ग्रामीणों से क्षेत्र के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया। इस मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी दयाशंकर, भाजपा जिला अध्यक्ष दुर्गा केसरी सहित कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें- ‘बहुत कुछ उनके हाथ में नहीं’, उपेंद्र कुशवाहा ने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ