गर्मियों में खीरा खाना बहुत अच्छा माना जाता है, क्योंकि इसमें भरपूर मात्रा में पानी होता है, जो बॉडी को हाइड्रेट करता है. खीरे का सेवन हम सलाद के रूप में करते हैं. इसके अलावा कई लोग इसका रायता, सब्जी भी बनाके खाते हैं. लेकिन क्या आपने कभी खीरा का चीला खाया है? ये एक हल्का, पौष्टिक और झटपट बनने वाला नाश्ता है. इसे बनाना बहुत आसान है और यह वजन कम करने या हेल्दी खाने वालों के लिए भी बढ़िया ऑप्शन है. आइए इसकी आसान रेसिपी जानते हैं.

सामग्री

खीरा-1 कप कद्दूकस किया हुआ
बेसन-1/2 कप
सूजी-2–3 चम्मच
प्याज-1 बारीक कटा
हरी मिर्च-1–2 (बारीक कटी)
अदरक -1/2 चम्मच (कद्दूकस)
हल्दी-1/4 चम्मच
अजवाइन-1/4 चम्मच
नमक-स्वादानुसार
हरा धनिया-थोड़ा सा
पानी -(जरूरत अनुसार)
तेल -(सेकने के लिए)

विधि

  1. सबसे पहले कद्दूकस किए हुए खीरे को हल्का सा निचोड़ लें ताकि अतिरिक्त पानी निकल जाए.
  2. एक बाउल में खीरा, बेसन, सूजी, प्याज, हरी मिर्च, अदरक और सभी मसाले डालकर अच्छे से मिलाएं.
  3. इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर स्मूद बैटर तैयार करें (ना ज्यादा पतला, ना ज्यादा गाढ़ा).
  4. तवा गर्म करें और हल्का सा तेल लगाएं. बैटर को तवे पर डालकर हल्के हाथ से फैलाएं (डोसे की तरह).
  5. दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेकें. गरमा-गरम चीला तैयार है. हरी चटनी या दही के साथ सर्व करें. उपर से थोड़ा चाट मसाला डाल सकते हैं स्वाद बढ़ाने के लिए.