हेमंत शर्मा, इंदौर। इंदौर शहर के हीरानगर थाना क्षेत्र से एक ऐसी मार्मिक कहानी सामने आई है, जो रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली है। जिस मां ने बेटे को जन्म दिया, उसे पाल-पोसकर बड़ा किया, आज वही मां अपने ही घर से बेघर होकर दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है। बुजुर्ग महिला राजू बाई की आंखों में दर्द साफ झलकता है।

इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र में रहने वाली बुजुर्ग महिला राजू बाई का आरोप है कि उनका बेटा मनीष चौधरी आए दिन उनके साथ मारपीट करता है और उन्हें अपने ही घर में घुसने नहीं देता। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि अब मां को अपनी बेटी के घर में शरण लेनी पड़ रही है, जहां वे किसी तरह अपना गुजारा कर रही हैं। राजू बाई बताती हैं कि उन्होंने अपने जीवन भर की जमा पूंजी और भरोसे के साथ बेटे के नाम दान पत्र कर दिया था। बदले में बेटे ने 16 लाख रुपए का चेक दिया, लेकिन वो चेक भी बाउंस हो गया।

ये भी पढ़ें: ‘पति 40 का, मैं 19 की… वैवाहिक जीवन सुखमय नहीं’: हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, महिला को प्रेमी संग रहने की दी इजाजत

CM से की भावुक अपील

इसके बाद से बेटा लगातार उन्हें धमका रहा है और जब भी वे अपने हक के पैसे या किराया लेने पहुंचती हैं, उनके साथ मारपीट कर उन्हें भगा दिया जाता है। सबसे ज्यादा दर्दनाक बात यह है कि कई बार शिकायत के बावजूद भी उन्हें न्याय नहीं मिल पाया। पहले सीनियर सिटीजन हेल्प डेस्क पर मां-बेटे के बीच समझौता कराया गया, लेकिन वह भी कागजों तक ही सीमित रह गया। अब टूट चुकी यह मां आखिरी उम्मीद लेकर अधिकारियों के दरवाजे पर पहुंची है। उन्होंने एडिशनल डीसीपी राम स्नेही मिश्रा से मुलाकात कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री से भी भावुक अपील की है।

ये भी पढ़ें: कलेक्टर बने गुरुजी: ब्लैकबोर्ड पर बच्चों को पढ़ाया, खुद लिया टेस्ट, क्लास में पहुंचकर बच्चों को सिखाएं पढ़ाई के गुर 

जांच शुरू

राजू बाई कहती हैं कि “अब मेरे पास कोई सहारा नहीं बचा… बस मुख्यमंत्री ही मुझे न्याय दिला सकते हैं। मेरा अपना घर मुझे वापस दिलवा दीजिए।” फिलहाल पुलिस ने मारपीट और भरण-पोषण की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन इस मां की उम्मीद अब भी न्याय की राह देख रही है। यह सिर्फ एक मामला नहीं, बल्कि उस सच्चाई का आईना है, जहां बुजुर्ग माता-पिता अपने ही बच्चों के हाथों उपेक्षा और अत्याचार झेलने को मजबूर हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m