कुंदन कुमार, पटना। बिहार में आपराधिक घटनाएं कम होने का नाम ही नहीं ले रही हैं। ताजा मामला राजधानी पटना से सामने आया है, जहां बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया है। बदमाशों ने दो लोगों को गोली मारी है। पूरा मामला पटना सिटी के गोपालपुर थाना क्षेत्र का है।

जमीन विवाद में गोलीबारी

गोलीबारी की घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जमीन विवाद में गोलीबारी की आशंका जताई जा रही है। घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो हुए हैं, जिन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए NMCH में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार आलमगंज थाना क्षेत्र निवासी होटल संचालक ओम प्रकाश यादव अपने सहयोगियों के साथ जमीन देखने गए थे।

वहां से लौटने के दौरान स्कॉर्पियो सवार अपराधियों ने अचानक उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी की इस घटना में ओमप्रकाश यादव के पैर में गोली लगी, जबकि उनके साथ मौजूद जितेंद्र नामक युवक को पेट में दो गोलियां लगी हैं।

10 राउंड तक हुई फायरिंग

पुलिस के अनुसार घटना में घायल ओमप्रकाश यादव ने बताया कि वह अपनी दो बीघा जमीन को देखकर अपने लोगों के साथ वापस लौट रहे थे। हमलावर स्कॉर्पियो से आए थे और उनके पास राइफल थी, जिससे उन्होंने करीब 10 राउंड फायरिंग की। उन्होंने इस हमले के लिए उदय सिंह, उज्ज्वल सिंह ओर गौरव सिंह को जिम्मेदार ठहराया है।

मामले की छानबीन में जुटी पुलिस

घटना को लेकर गोपालपुर पुलिस ने बताया कि, दो पक्षों जमीनी विवाद को लेकर इस घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने बताया की दोनों पक्षों में दो दिन पहले भी विवाद हुआ था, जिसे लेकर प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी। वहीं, आज जब ओमप्रकाश यादव अपनी जमीन देखने गए थे। इसी दौरान वहां से लौटते में बीच रास्ते में अपराधियों ने उनपर फायरिंग कर दी। पुलिस ने दूसरे पक्ष का नाम उदय सिंह बताया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

ये भी पढ़ें- जमीन को लेकर एक-दूसरे के खून के प्यासे हुए लोग, जमकर बरसाए पत्थर, खड़ी होकर देखती रही बिहार पुलिस, सोशल मीडिया में वीडियो वायरल