देवजीत देवनाथ, पखांजूर। कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे से घर में मातम पसर गया है।

जानकारी के अनुसार, सुभाष नगर पीव्ही-12 निवासी आशुतोष विश्वास सुबह अपने मक्का खेत में पानी देने के लिए गए थे। इसी दौरान मौसम अचानक बदल गया और तेज गर्जना और बिजली कड़कने लगी। तभी अचानक गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिजली गिरते ही आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।