शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश की सबसे बड़ी तकनीकी विश्वविद्यालय राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (RGPV) की परीक्षा की गोपनीयता एक बार फिर सवालों के घेरे में है। डिप्लोमा फार्मेसी की पूरक परीक्षा का प्रश्न पत्र परीक्षा शुरू होने से पहले ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। छात्रों के मोबाइल तक पेपर पहुंचने और ग्वालियर में पेपर की सौदेबाजी का वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं।

READ MORE: दूसरे की आई कार्ड और अपना फेस लगाकर लेते थे सिमः फर्जी डॉक्यूमेंट से SIM खरीदने 3 आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे

सोमवार को आयोजित डिप्लोमा फार्मेसी पूरक परीक्षा में प्रदेश भर से 901 छात्र शामिल हुए थे। परीक्षा से पहले ही एक प्रश्न पत्र (Paper Code: 8110 – Hospital & Clinical Pharmacy) सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल पेपर और मूल प्रश्न पत्र का मिलान किया गया तो दोनों पूरी तरह से मैच पाए गए। प्रश्न पत्र परीक्षा से पहले छात्रों तक मोबाइल के जरिए पहुंच गया।ग्वालियर के आरएनएस कॉलेज के बाहर का एक वीडियो भी तेजी से वायरल हुआ, जिसमें छात्र पेपर का मिलान करते दिख रहे हैं। वीडियो में एक युवक मोबाइल पर पेपर दिखाकर पैसे की मांग करते हुए नजर आ रहा है।

प्रशासन की प्रतिक्रिया

मामला सामने आने के बाद RGPV प्रशासन ने तुरंत जांच के निर्देश दे दिए हैं। विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। छात्रों और अभिभावकों में गुस्सा है, क्योंकि यह छात्रों के भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ है।

READ MORE: 900 का सिलेंडर ब्लैक में 4000 मेंः गैस की किल्लत पर आधी रात कलेक्ट्रेट का घेराव, छात्रों ने सड़क पर बनाया भोजन

NSUI की प्रतिक्रिया 

NSUI ने भी इस मामले पर सख्त रुख अपनाया है। राज्य अध्यक्ष ने कहा कि यह सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि छात्रों के भविष्य के साथ खुला भ्रष्टाचार है। दोषियों पर तुरंत कार्रवाई न होने पर सड़कों पर उतरने की चेतावनी दी गई है। RGPV में पेपर लीक की यह घटना नई नहीं है। पहले भी कई बार ऐसी शिकायतें आई हैं। अब देखना होगा कि विश्वविद्यालय और मध्य प्रदेश सरकार इस मामले में कितनी सख्ती बरतती है और दोषी लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m