जुबैर अंसारी/सुपौल। जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने लापता युवक वाजिद अली की हत्या की गुत्थी को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने शव को बरामद कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त हथियार भी जब्त कर लिए हैं।
क्या है पूरा मामला?
चकडुमरिया पूर्णवास (वार्ड नं. 10) निवासी 25 वर्षीय वाजिद अली अचानक लापता हो गया था। परिजनों द्वारा दी गई लिखित शिकायत के आधार पर सुपौल थाना में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।

SIT की कार्रवाई और तकनीकी सुराग
जांच के दौरान SIT ने मानवीय आसूचना, तकनीकी साक्ष्य और घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों को खंगाला। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सबसे पहले चंदन कुमार को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में चंदन ने खुलासा किया कि वाजिद की हत्या ओम प्रकाश कामत द्वारा की गई है। इसके बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए मुख्य आरोपी ओम प्रकाश को जोगबनी बाजार से गिरफ्तार कर लिया।
हत्या का खौफनाक कबूलनामा
पुलिस की पूछताछ में मुख्य आरोपी ओम प्रकाश कामत ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसने बताया कि उसने वाजिद की गोली मारकर हत्या कर दी थी। साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से रात के अंधेरे में शव को बोरे और प्लास्टिक में लपेटकर अपने ई-रिक्शा (सिटी रिक्शा) से ले जाकर खरखौनी पुल के पास फेंक दिया था। गिरफ्तारी के डर से वह घर छोड़कर भाग गया था।
शव और हथियार बरामद
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने खरखौनी पुल के पास से वाजिद का शव बरामद किया। इसके अलावा, पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त एक देशी कट्टा और खून लगा दबिया भी बरामद किया है। मौके पर पहुंची FSL की टीम ने साक्ष्यों को सुरक्षित कर लिया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
- ओम प्रकाश कामत: पिता- किशोरी कामत, निवासी- चकडुमरिया वार्ड नं-10, सुपौल।
- चंदन कुमार: पिता- सीताराम कामत, निवासी- चौहट्टा, थाना- किशनपुर, सुपौल।
पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी कर रही है और मामले में संलिप्त अन्य संभावित चेहरों की पहचान में जुटी है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

