Bihar Crime: बिहार में आपराधिक घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला गयाजी जिले से सामने आया है, जहां इमामगंज थाना क्षेत्र में पंजाब नेशनल बैंक के एक सीएसपी केंद्र से दिनदहाड़े 2 लाख 7 हजार रुपये की लूट की घटना को अंजाम दिया गया है। इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

तीन अपराधियों ने घटना को दिया अंजाम

मिली जानकारी के मुताबिक, सीएसपी संचालक दीपक कुमार अपने केंद्र पर काम कर रहे थे। इसी दौरान तीन नकाबपोश बदमाश एक बाइक पर सवार होकर वहां पहुंचे। किसी को कुछ समझ में आता, उससे पहले ही एक बदमाश ने सीएसपी संचालक की कनपटी पर पिस्टल तान दी। इसके बाद अपराधी काउंटर पर रखे 2.07 लाख लूटकर आसानी से फरार हो गए। लूट की यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

छानबीन में जुटी पुलिस

वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची इमामगंज थाने की पुलिस छानबीन में जुट गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर अपराधियों की पहचान में जुट गई। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई गई है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही इन अपराधियों को गिरफ्तार कर लूट की घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।

ये भी पढ़ें- ‘मुझे माफ कर देना मम्मी..’, कमरे में लटकता मिला कृषि पदाधिकारी का शव, परिजन बोले- गंदी नजर रखते थे सहकर्मी