Bilaspur News Update : जांजगीर। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण पर रोकथाम के लिए राजस्व, पुलिस एवं खनिज विभाग द्वारा संयुक्त कार्रवाई करते हुए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में खनिजो के अवैध परिवहन, भण्डारण, उत्खनन औचक जांच किया गया।

खनिज अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान बलौदा विकासखंड के ग्राम केराकछार में रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 07 ट्रैक्टर, 02 टीपर एवं 01 हाईवा को जब्त कर पंतोरा चौकी के सुपुर्द किया गया तथा 02 टीपर को मौके पर ही नोटिस चस्पा कर सील किया गया। इसी क्रम में चांपा क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करते पाए जाने पर 01 ट्रैक्टर को जब्त कर चांपा थाना के सुपुर्द किया गया। हथनेवरा में जांच के दौरान 04 हाईवा जब्त किए गए, वहीं ग्राम पिपरदा में भी मौके पर 04 हाईवा जब्त किए गए। इसके अतिरिक्त अवैध रेत परिवहन में संलिप्त पाए गए 03 हाईवा को जब्त कर पुलिस लाइन खोखरा में सुरक्षार्थ रखा गया है।

खनिजों के अवैध परिवहन के दर्ज प्रकरणों पर अवैध परिवहनकर्ताओं के विरूद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 से 23 (ख) के तहत दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर महोबे के निर्देशन में जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन, भण्डारण के संबंध में खनिज विभाग द्वारा निरंतर जांच कार्यवाही की जा रही है, जो कि आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगी।

बिल्हा में तीन महीने में 10 बार पाइपलाइन काटी, अज्ञात पर एफआईआर

बिलासपुर। शिवनाथ नदी के चूराघाट एनीकट से आने वाली मुख्य पाइपलाइन को असामाजिक तत्वों ने पिछले तीन महीनों में करीब 10 बार काट दिया है। हर बार मरम्मत के बाद फिर नुकसान पहुंचाया जा रहा है, जिससे सप्लाई बार-बार ठप हो रही है। नगर पंचायत ने 18 मार्च को शिकायत की थी। बिल्हा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इधर जलस्तर कम होने से पहले ही दिन में एक बार ही पानी मिल पा रहा था, ऊपर से पाइपलाइन तोड़फोड़ ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। चूराघाट स्थित इंटेकवेल में जलस्तर कम होने से अब पानी आना बंद हो गया है। फिलहाल नदी में सबमर्सिबल पंप डालकर पानी इंटेकवेल तक पहुंचाया जा रहा है, फिर वहां से वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट तक सप्लाई दी जा रही है। सीएमओ गहलोत के मुताबिक यह व्यवस्था जुलाई तक चल सकती है।

नेशनल पार्क में टाइगर के संदिग्ध मौत और शिकार की घटनाओं पर लगी जनहित याचिका निराकृत

गुरु घासीदास नेशनल पार्क में टाइगर की संदिग्ध मौत और शिकार की घटनाओं पर हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए दायर जनहित याचिका का निपटारा कर दिया है। कोर्ट ने राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत विस्तृत कार्ययोजना पर संतोष जताते हुए उम्मीद जताई कि वन विभाग सख्ती से इसका पालन करेगा। यह आदेश मुख्य न्यायाधीश जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस रवींद्र कुमार अग्रवाल की डीबी ने पारित किया।

पूरा मामला एक प्रकाशित खबर के आधार पर शुरू हुआ। खबर में गुरु घासीदास पार्क में टाइगर की मौत जहर या बदले की भावना से हत्या की आशंका जताई गई थी। इसके बाद कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेकर वन विभाग से विस्तृत रिपोर्ट मांगी। जिस पर बताया गया कि 19 दिसंबर 2025 को विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित हुई। अवैध तार, फंदे और करंट से शिकार रोकने पर फोकस किया गया। एनजीओ, बिजली विभाग और कानूनी विशेषज्ञों की भागीदारी सुनिश्चित की गई। 5726 किमी जंगल में पैदल गश्त, सैकड़ों अवैध तार, फंदे और उपकरण जब्त किए गए। कई जगह लाइव करंट वाले तार हटाए गए। खैरागढ़ में तेंदुआ शिकार मामले में 7 आरोपी गिरफ्तार किए गए। टाइगर और अन्य वन्यजीवों के अंग बरामद हुए। ओडिशा के साथ संयुक्त रणनीति और बैठक की गई। वन, बिजली और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनी। 2490 में से 1781 लूज वायर पॉइंट ठीक किए गए। ड्रोन, कैमरा ट्रैप और स्निफर डॉग का उपयोग किया जा रहा। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी की ला रही। ग्रामीण और आदिवासी समुदाय को जोड़ा गया। शिकार रोकने के लिए सामाजिक भागीदारी बढ़ाई गई।

हाईकोर्ट ने कहा कि, राज्य ने शिकार रोकने के लिए ठोस और बहु-स्तरीय कदम उठाए हैं। अब इन उपायों का सख्ती से पालन जरूरी है। वन्यजीव संरक्षण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। कोर्ट ने राज्य की कार्ययोजना को रिकॉर्ड पर लिया और पीआईएल का निपटारा किया। साथ ही वन विभाग को निर्देश दिए कि, टाइगर, हाथी सहित सभी वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

स्विफ्ट डिजायर कार से 62 किलो गांजा जब्त, दस लाख का मशरूका बरामद

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के सरिया थाना क्षेत्र में पुलिस को अवैध गांजा परिवहन के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। स्विफ्ट डिजायर कार से 62 किलो 245 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। जब्त गांजा की कीमत करीब 5 लाख 90 हजार रुपये आंकी गई है, जबकि वाहन सहित कुल जुमला संपत्ति लगभग 10 लाख 90 हजार रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय के निर्देश पर थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में की गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम बोरिदा के पास घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया।हालांकि,वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। तलाशी के दौरान कार से 59 पैकेट में गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी है। थाना प्रभारी ने इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस टीम की सराहना की है।

इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर। सोशल मीडिया साइट इंस्टाग्राम पर पर दोस्ती करने के बाद शादी का झांसा देकर युवती से अनाचार, करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेजा है। मामला मुलमुला थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी अनुसार पीड़िता की इंस्टाग्राम पर वर्ष 2022 में अनिकेत तांडे उम्र 20 साल सोनादुला निवासी, थाना अकलतरा से पहचान हुई थी। इसी दौरान पीड़िता के घर पहुंचा और परिजनों को खुद को एचडीएफसी बैंककर्मी बताकर शादी का प्रस्ताव रखा, और शादी का झांसा देकर उसने पीड़िता के साथ अनाचार किया। पीड़िता की शिकायत पर थाना में अपराध धारा 64 (2) (एम) 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए मुलमुला पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए आरोपी को हीरापुर (रायपुर) से पकड़ा जिसको हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर जुर्म स्वीकार किए जाने से विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ाने कलेक्टर ने किया दौरा, मातृ शिशु हॉस्पिटल के लिए बजट बनाने के निर्देश

बिलासपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर शहर में स्वास्थ्य सेवा की बहाली के लिए तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह द्वारा किए जा रहे पहल पर बिलासपुर कलेक्टर संजय कुमार अग्रवाल ने 50 बिस्तर मातृ शिशु हॉस्पिटल के लिए तखतपुर के नए और पुराने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया और CGMSC के SDO और इंजीनियरों को सभी मानकों को पूरा करने वाला एस्टीमेट और बजट बनाकर प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया।वहीं विधायक धर्मजीत सिंह ने तखतपुर शहर और आसपास की जनता की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर होने वाली परेशानी का ध्यान रखते हुए पुराने भवन के पास ही MCH को बनाने का आग्रह किया।बता दें कि तखतपुर में वर्षों से संचालित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को अचानक बिना किसी योजना और सुविधा के लीदरी में बने नए भवन में स्थानांतरित कर दिया गया था।इसके बाद तखतपुर में स्वास्थ्य सुविधाएं शून्य हो गई थी।बाद में हाईकोर्ट ने एक याचिका की सुनवाई करते हुए तखतपुर के पुराने स्वास्थ्य भवन में 31 मार्च तक सिटी डिस्पेंसरी खोलने का आदेश दिया था।लेकिन वह भी अभी तक शुरू नहीं हो पाया है।इस बीच विधायक धर्मजीत के प्रयास से तखतपुर में 50 बिस्तर का मातृ शिशु अस्पताल स्वीकृत हो गया, जिसे फिर सुविधा विहीन नवीन भवन के पास बनाए जाने की चर्चा चलने लगी ।इसी विषय को लेकर विधायक ने तखतपुर की जनता की मांग को देखते हुए पहल की और कलेक्टर को स्थल निरीक्षण के लिए बुलाया और 50 बिस्तर हॉस्पिटल को पुराने भवन में बनवाने के लिए निरीक्षण कराया। हालांकि कलेक्टर ने CGMSC के SDO को दोनों स्थानों का पर्याप्त अवलोकन कर एस्टीमेट और बजट बनाने के निर्देश दिए।

खरीफ सीजन से पहले 16 उर्वरक दुकानों का निरीक्षण, अनियमितता पाए जाने पर पांच को नोटिस

रायगढ़। आगामी खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए जिले में रासायनिक उर्वरकों की उचित दर पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा खाद, बीज एवं कीटनाशक विक्रेताओं का सघन निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में पिछले दो दिनों के दौरान 16 उर्वरक विक्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर 5 उर्वरक विक्रय केंद्रों-गोयल फर्टिलाइजर रायगढ़, मेसर्स किसान इंटरप्राइजेज रायगढ़, अन्नपूर्णा खाद भंडार धरमजयगढ़, विक्की खाद भंडार सूपा, पुसौर एवं नरेश ट्रेडर्स सेमरा, पुसौर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

जिले में खाद भंडारण एवं वितरण पर कड़ी निगरानी रखने के लिए जिला स्तरीय दल का गठन किया गया है। इस दल के नोडल अधिकारी सहायक संचालक कृषि संचालक हिन्द कुमार भगत को बनाया गया है, जिनके निर्देशन में उर्वरक विक्रय केंद्रों का निरंतर निरीक्षण किया जाएगा। इसके साथ ही किसानों की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए कृषि विभाग द्वारा कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। किसान टोल फ्री नंबर 07762-220213 पर कार्यालयीन समय में अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। प्राप्त शिकायतों पर विभाग द्वारा तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुम दो बालिका अंबिकापुर और जालंधर से बरामद

रायगढ़। जिले में गुमशुदा व्यक्तियों की सघन पतासाजी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत रायगढ़ पुलिस को दो महत्वपूर्ण सफलताएं प्राप्त हुई हैं। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में गुम हुई दो नाबालिग बालिकाओं को पुलिस टीमों द्वारा खोजबीन कर सकुशल दस्तयाब किया गया है। दोनों ही मामलों में पीड़िताओं के कथन के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध पोक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पहले मामले में थाना जूटमिल में 22 अप्रैल को एक प्रार्थी द्वारा 17 वर्षीय नाबालिग बालिका के घर से बिना बताए लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी बालिका का पता नहीं चलने पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के धारा 137 (2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। जांच के दौरान बालिका और संदेही युवक सनत कुमार भट्ट (20 साल) जूटमिल के बीच संपर्क की जानकारी मिलने पर पुलिस ने इस दिशा में जांच आगे बढ़ाई। लगातार प्रयास और मुखबिर तंत्र के माध्यम से दोनों के पंजाब के जालंधर में होने की सूचना मिली, जिस पर तत्काल पुलिस टीम को रवाना किया गया। टीम ने वहां पहुंचकर बालिका को आरोपी के कब्जे से सकुशल बरामद किया। बालिका के कथन, मेडिकल पर आरोपी द्वारा नागालिग बालिका का शारीरिक शोषण करना पाये जाने पर आरोपी के विरुद्ध धारा 87, 65 (1) बीएनएस 4. 6 पॉक्सो एक्ट विस्तारित। किया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजकर जेल दाखिल किया गया है।

दूसरे मामले में थाना पूंजीपथरा में 25 मार्च को एक प्रार्थी ने 15 वर्षीय पुत्री के 1 मार्च की रात घर से बिना बताए लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 137 (2) बीएनएस के तहत दर्ज कर पतासाजी शुरू की। जांच के दौरान 06 अप्रैल क अंबिकापुर के खरसिंया नाका चौक के पास एक युवक के साथ नाबालिग बालिका को बरामद किया गया।

पीड़िता का महिला पुलिस अधिकारी द्वारा कथन कराया गया, जिसमें बालिक द्वारा बस से जामगांव फिर अम्बिकापुर ले जाना और शारीरिक संबंध बनाना बताई बालिका के कथन, मेडिकल पर आरोप के विरुद्ध धारा 87, 65 (1) बीएनएस 4.6 पॉक्सो एक्ट विस्तारित कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।