Bihar News: बिहार की बक्सर पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। दरअसल पुलिस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कथित हमले करने को लेकर साजिश रचने के आरोप में 3 युवकों को गिरफ्तार किया है। पूरा मामला डुमरांव प्रखंड के सिमरी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

CIA से किया था संपर्क

गिरफ्तार युवकों में एक की पहचान सिमरी थाना क्षेत्र के आशा पड़री गांव निवासी अमल तिवारी के रूप में हुई है। अमल पर अमेरिकी केंद्रीय जांच एजेंसी सीआईए को संदेश भेजकर पीएम मोदी पर जानलेवा हमला करने की साजिश रचने का गंभीर आरोप है। इसके बदले उसने सीआईए से पैसे की मांग भी की थी। बताया जा रहा है कि पीएम मोदी पर इस कथित हमले को अंजाम देने के लिए अमल तिवारी ने 22 दिनों का समय मांगा था।

पूछताछ में जुटी पुलिस

मामले को लेकर बक्सर एसपी शुभम आर्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बताया कि, पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। एसपी ने यह भी बताया कि, आरोपी अमल तिवारी ने पहले भी कोलकाता एयरपोर्ट को लेकर धमकी दी थी, जिसमें उसकी गिरफ्तारी भी हुई थी।

लैपटॉप समेत कई इलेक्ट्रॉनिक सामान जब्त

पुलिस ने छापेमारी के दौरान आरोपी अमल तिवारी के पास से लैपटॉप समेत कई इलेक्ट्रॉनिक सामान जब्त किया है। एसपी शुभम आर्य ने बताया कि, इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। पुलिस हर पहलु को ध्यान में रखकर जांच को आगे बढ़ा रही है।

ये भी पढ़ें- नेता हो तो ऐसा…! मृतक के परिजनों से पप्पू यादव ने किया यह बड़ा वादा