Bihar Crime: पूर्णिया से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक जनप्रतिनिधि पर कानून को हाथ में लेने का गंभीर आरोप लगा है। पूरा मामला कसबा थाना क्षेत्र की गुरही पंचायत का बताया जा रहा है। दरअसल वार्ड नंबर 9 के वार्ड सदस्य ने खुद को ‘जज’ मानते हुए एक प्रेमी जोड़े को खंबे से बांध दिया और दोनों की बेरहमी से पिटाई करना शुरू कर दी। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें साफ दिख रहा है कि किस तरह सड़क एक तरफ लोगों की भीड़ जुटी है, लेकिन कोई भी आगे बढ़कर पीड़ितों को बचाने की कोशिश करता हुआ नजर नहीं आ रहा है।

प्रेमी जोड़े को दी तालिबानी सजा

वायरल वीडियो में दिख रहा है कि वार्ड सदस्य प्रेमी जोड़े को अलग-अलग खंभे में रस्सी और कपड़े के सहारे बांध दिया और बारी-बारी से दोनों की बेरहमी से पिटाई करना शुरू कर दी। वार्ड सदस्य दोनों पर एक के बाद एक करके कई लाठियां बरसाता रहा, जबकि दोनों प्रेमी जोड़े उससे रहम की भीख मांगते रहे। वहीं, मौके पर मौजूद भीड़ भी तमाशबीन बनी रही।

गर्भवती थी पीड़ित महिला

घटना से जुड़ा सबसे दुखद पहलू यह बताया जा रहा है कि पीड़ित महिला गर्भवती है। बावजूद इसके वार्ड सदस्य और उसके समर्थकों ने उसपर जरा सी भी रहम नहीं खाई और उसपर भी लगातार हमला करते रहे। बता दें कि पीड़ित महिला पहले से ही शादीशुदा है, उसका एक युवक के साथ अवैध संबंध चल था, जिसे लेकर यह पूरा विवाद खड़ा हुआ और मामला मारपीट तक पहुंच गई।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

हालांकि इस दौरान किसी ने इसकी जानकारी पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची डॉयल 112 की पुलिस ने दोनों को छुड़ाया। शुरू में पीड़ितों ने इस मामले में कुछ भी बताने से इंकार कर दिया। हालांकि इस दौरान घटना का किसी ने वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गई।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

वायरल वीडियो का मामला पुलिस तक भी पहुंचा, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वार्ड सदस्य और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई। घटना को लेकर कसबा थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन ने बताया कि, किसी को भी कानून हाथ में लेने की छूट नहीं है। उन्होंने कहा कि, सभी दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, घायल महिला का इलाज चल रहा है।

ये भी पढ़ें- बिहार के एक गांव से नवदंपति को उठा ले गई यूपी पुलिस, इलाके में मची अफरा-तफरी