सुदीप उपाध्याय, बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बनाए जा रहे सड़कों की गुणवत्ता पर अब गंभीर सवाल ही नहीं, बल्कि सीधे-सीधे भ्रष्टाचार के आरोप लगने लगे हैं. वाड्रफनगर विकासखंड के मुरका और सुरहुल गांव की सड़कों ने सिस्टम की पोल खोल दी है, जहां एक सड़क 2 साल में उखड़ गई, वहीं दूसरी महज 10 दिन भी नहीं टिक पाई.

यह भी पढ़ें : CG News : प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट को ‘नक्सली’ ने दी जान से मारने की धमकी, संदिग्ध लेटर से मचा हड़कंप, 3 करोड़ की मांगी फिरौती

मुरका गांव में बनी सड़क,जो ग्रामीणों के लिए विकास की उम्मीद थी, अब गड्ढों में तब्दील हो चुकी है. सड़क की ऊपरी परत उखड़ चुकी है, और जगह-जगह दरारें साफ दिख रही हैं. ग्रामीणों का कहना है कि शुरुआत से ही निर्माण कार्य में गड़बड़ी थी, लेकिन अब इसकी सच्चाई सामने आ गई है. सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब ठेकेदार को 5 साल की गारंटी देनी होती है, तो फिर 2 साल में सड़क कैसे जवाब दे गई?

वहीं सुरहुल गांव का मामला तो और भी चौंकाने वाला है. यहां नई बनी सड़क महज 10 दिनों के भीतर ही उखड़ने लगी. सड़क की परतें निकल गईं और कई जगहों पर गड्ढे बन गए. इससे साफ है कि निर्माण में गुणवत्ता की अनदेखी की गई या फिर जानबूझकर घटिया सामग्री का इस्तेमाल हुआ.ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि यह सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि “भ्रष्टाचार का खेल” है. उनका कहना है कि निर्माण के दौरान न तो कोई गुणवत्ता जांच हुई और न ही अधिकारियों ने निगरानी की.

शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होना इस बात का संकेत है कि कहीं न कहीं पूरा सिस्टम ही सवालों के घेरे में है. हैरानी की बात यह भी है कि एग्जीक्यूटिव ऑफिसर सच्चिदानंद कांत मीडिया के सवालों से बचते नजर आ रहे हैं. जवाब देने से बचना कई गंभीर सवाल खड़े करता है कि क्या जिम्मेदारों को बचाया जा रहा है?

इस पूरे मामले ने PMGSY जैसी महत्वाकांक्षी योजना की साख पर भी बड़ा धब्बा लगा दिया है. जब सड़कें बनने से पहले ही टूट जाएं, तो विकास के दावे कितने खोखले हैं, यह साफ दिखता है.अब ग्रामीणों ने साफ मांग रखी है—मामले की निष्पक्ष जांच हो, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो और सड़कों का दोबारा निर्माण गुणवत्ता के साथ किया जाए. अब देखना यह होगा कि प्रशासन कार्रवाई करता है या फिर यह मामला भी भ्रष्टाचार की फाइलों में दबकर रह जाएगा.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m