अविनाश श्रीवास्तव/रोहतास। जिले के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। सलेमपुर पुल के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार दो सगे भाइयों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई बाल-बाल बच गया।
काम से लौटते वक्त हुआ हादसा
मृतक की पहचान छपरा (सारण) जिले के पानापुर निवासी धनंजय कुमार साह (21 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, धनंजय और उसका भाई धर्मेंद्र साह बिक्रमगंज के सलेमपुर इलाके में चल रहे नहर उगाही (उड़ाही) कार्य में पोकलेन मशीन ऑपरेटर के रूप में कार्यरत थे। शनिवार को जब दोनों भाई अपना काम खत्म कर बाइक से वापस लौट रहे थे, तभी सलेमपुर पुल के समीप विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
परिजनों में मचा कोहराम
टक्कर इतनी भीषण थी कि धनंजय कुमार साह ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, धर्मेंद्र साह को आंशिक चोटें आईं और वह सदमे में है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सासाराम स्थित सदर अस्पताल भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही छपरा से मृतक के परिजन भी सासाराम पहुंच गए हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रशासनिक कार्रवाई और सुरक्षा के सवाल
स्थानीय प्रशासन ने ट्रक की तलाश शुरू कर दी है, जो हादसे के बाद मौके से फरार होने में सफल रहा। सलेमपुर के पास चल रहे नहर कार्य स्थल पर सुरक्षा मानकों और भारी वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार को लेकर स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है। फिलहाल, पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

