नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज नैनीताल जनपद के भीमताल स्थित बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड साइंसेज में तीन दिवसीय तकनीकी एवं सांस्कृतिक वार्षिकोत्सव ‘स्पेक्ट्रम 2026’ का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन भी किया।

मिनी स्टेडियम निर्माण की घोषणा

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भीमताल में उप तहसील बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने ओखलकाण्डा के भीड़ापानी में आयुर्वेदिक चिकित्सालय की स्थापना, विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में एक्स-रे व अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराने, रामगढ़, धारी व ओखलकाण्डा में किसानों के लिए मंडी निर्माण, लेटीबुंगा व सतबुंगा में कोल्ड स्टोरेज बनाने, ककोड़ व दाड़िम में मिनी स्टेडियम निर्माण की भी घोषणा की।

डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम को किया याद

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि इस आयोजन तथा नव-निर्मित भवन से संस्थान के छात्र-छात्राओं को आधुनिक शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के नए अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम का स्मरण करते हुए कहा कि भारत में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है । आवश्यकता केवल उन्हें पहचानने और उचित दिशा देने की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्थान का प्रबंधन इसी भावना के साथ कार्य करते हुए युवाओं की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

नवाचारी सोच और रचनात्मकता की प्रशंसा

मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्थान की स्थापना के समय पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय पंडित नारायण दत्त तिवारी द्वारा व्यक्त अपेक्षाओं के अनुरूप यह संस्थान दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के मेधावी एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने का कार्य निरंतर कर रहा है। उन्होंने संस्थान द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता, अनुशासन और संस्कारों की परंपरा को सराहनीय बताया ।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार किए गए मॉडलों का अवलोकन किया तथा उनकी नवाचारी सोच और रचनात्मकता की प्रशंसा की।

READ MORE: “नारी शक्ति” केवल एक विचार नहीं, बल्कि…राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष का बड़ा बयान, जानिए ऐसा क्या कहा

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिड़ला संस्थान वर्षों से उत्तराखण्ड के युवाओं को तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। यहां से शिक्षित विद्यार्थी देश-विदेश में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं तथा कई युवा प्रशासनिक सेवाओं, भारतीय सेना और स्टार्टअप के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को सशक्त बनाने हेतु स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, मुद्रा योजना, अटल इनोवेशन मिशन और पीएम युवा योजना जैसी पहलें संचालित की जा रही हैं, जो युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बना रही हैं।

READ MORE: पीएम मोदी के दौरे से पहले ग्राउंड पर उतरे मुख्य सचिव और डीजीपी, तैयारियों का लिया जायजा

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और युवाओं को नई संभावनाओं से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है। नई शिक्षा नीति के अंतर्गत विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और बिग डेटा जैसे आधुनिक विषयों को शामिल किया गया है। साथ ही 20 मॉडल कॉलेजों की स्थापना, महिला छात्रावास, आधुनिक आईटी लैब एवं परीक्षा भवनों का निर्माण भी किया जा रहा है।

READ MORE: शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री पाना नहीं, बल्कि… CM धामी ने छात्रसंघ समारोह में छात्र-छात्राओं को किया संबोधित, छात्र राजनीति को लेकर कही बड़ी बात

उन्होंने कहा कि ‘शेवनिंग उत्तराखण्ड छात्रवृत्ति’ के माध्यम से विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा के अवसर मिल रहे हैं तथा ‘इंफोसिस स्प्रिंगबोर्ड’ के सहयोग से आधुनिक कंप्यूटर आधारित पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। ‘देवभूमि उद्यमिता योजना’ और मुख्यमंत्री शोध प्रोत्साहन योजना के माध्यम से नवाचार एवं शोध को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसके तहत प्राध्यापकों को 18 लाख रुपये तक का अनुदान दिया जा रहा है।

READ MORE: बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में होगी ATS की तैनाती, नोडल अधिकारी नियुक्त

उन्होंने भीमताल विधानसभा क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया । इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बिड़ला इंस्टीट्यूट में ड्रोन प्रयोगशाला की स्थापना, कंप्यूटर विभाग के उन्नयन तथा ऑडिटोरियम के लिए फर्नीचर उपलब्ध कराने हेतु 50-50 लाख रुपये की धनराशि प्रदान करने की घोषणा की।