महान गायिका आशा भोसले का रविवार (12 अप्रैल 2026) को दक्षिण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया. उनके निधन से पूरे देश में शोक की लहर फैल गई है. इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत राजनीतिक जगत की दिग्गज हस्तियों ने अपनी शोक संवेदनाएं जताई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि भारत की सबसे मशहूर और बहुमुखी गायिकाओं में से एक आशा भोसले जी के निधन की खबर से गहरा दुख हुआ है. उनका संगीत सफर कई दशकों तक चला और इस दौरान उन्होंने भारतीय संस्कृति को और भी समृद्ध बनाया.

पीएम मोदी ने आगे लिखा कि उनकी आवाज ने देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के लोगों के दिलों को छुआ. चाहे उनके भावुक गीत हों या जोश से भरे गाने, उनकी आवाज में एक अलग ही जादू था, जो हमेशा याद रखा जाएगा. उनसे हुई मुलाकातों की यादें भी हमेशा दिल में बनी रहेंगी. इस दुख की घड़ी में मैं उनके परिवार, चाहने वालों और संगीत प्रेमियों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं. आशा भोसले जी हमेशा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी और उनके गाने हमेशा लोगों के दिलों में गूंजते रहेंगे.

केंद्रीय गृह मंत्री ने भी जताया शोक

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी आशा भोसले के निधन पर दुख जताया है. उन्होंने कहा-आशा ‘ताई’ ने न केवल अपनी आवाज और प्रतिभा से एक अनूठी पहचान बनाई बल्कि अपने मधुर गीतों के माध्यम से भारतीय संगीत को और भी समृद्ध किया.

संगीत का दूसरा तारा भी आज लुप्त हुआ-फडणवीस

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा-“ये पूरे भारत के लिए, विश्व के संगीत प्रेमियों के लिए बहुत ही दुख की बेला है, भारत के इतिहास में उन्होंने संगीत की जो सेवा की है, मंगेशकर परिवार ने जो संगीत की सेवा की है, लता दीदी के रूप में पहले सितारा, पहला तारा लुप्त होते हुए हमने देखा, संगीत का दूसरा तारा भी आज लुप्त हुआ है, इसका हम सबको बहुत दुख है, बाल्यावस्था से संगीत की सेवा करते-करते 92 साल की उम्र तक लगातार उन्होंने सेवा की.

कब होगा आशा भोसले का अंतिम संस्कार?

आशा भोसले के बेटे आनंद भोसले ने जानकारी दी कि उनकी मां का अंतिम संस्कार सोमवार (13 अप्रैल 2026) को मुंबई के शिवाजी पार्क में किया जाएगा. इसके अलावा आशा भोसले की पोती जनाई भोसले के अनुसार, गायिका को शनिवार शाम सीने में संक्रमण और कमजोरी के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था. सूत्रों के अनुसार, दिग्गज गायिका को दिल का दौरा पड़ा था और उन्हें फेफड़ों की समस्या भी थी. आशा भोसले का जन्म आठ सितंबर 1935 को महाराष्ट्र के सांगली जिले में हुआ था. बड़ी बहन लता मंगेशकर की तरह उन्हें भी उनके पिता दीनानाथ मंगेशकर ने संगीत की प्रारंभिक शिक्षा दी थी. उनकी बहन मीना और भाई हृदयनाथ मंगेशकर भी संगीत से जुड़े हैं.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m