शिवम मिश्रा, रायपुर। राजधानी रायपुर में ऑनलाइन ठगी के एक बड़े मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। OLX पर कैमरा बेचने के नाम पर महिला से 2 लाख रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान धीरज कुमार महतो और सुबोध कुमार सिंह के रूप में हुई है, जिन्हें बिहार के समस्तीपुर से गिरफ्तार किया गया।
ऐसे दिया ठगी को अंजाम
प्रार्थिया ने थाना पुरानी बस्ती में शिकायत दर्ज कराई थी कि 2 फरवरी 2026 को OLX के माध्यम से कैमरा खरीदने के दौरान अज्ञात व्यक्तियों ने संपर्क किया। आरोपियों ने खुद को “ऑल इंडिया कैमरा डिस्ट्रीब्यूटर” बताकर भरोसा जीत लिया और अलग-अलग UPI आईडी के जरिए कुल ₹2,00,000 ट्रांसफर करवा लिए। रकम मिलने के बाद आरोपियों ने अपने मोबाइल बंद कर दिए। इस मामले में थाना पुरानी बस्ती में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।


ऐसे आरोपियों तक पहुंची पुलिस
थाना पुरानी बस्ती और ACCU की संयुक्त टीम ने मोबाइल नंबर, बैंक खातों, CDR और तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। फोनपे ट्रांजेक्शन की जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान हुई। इसके बाद विशेष टीम गठित कर बिहार के समस्तीपुर भेजा गया, जहां स्थानीय पुलिस की मदद से दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आम जनता से की अपील
रायपुर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि OLX या अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर खरीद-फरोख्त करते समय सावधानी बरतें। अग्रिम भुगतान करने से पहले विक्रेता की पूरी जांच करें। किसी अज्ञात व्यक्ति को UPI या ऑनलाइन माध्यम से पैसे ट्रांसफर न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत टोल फ्री नंबर 1930 या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

