चंद्रकांत निराला, बक्सर। दोस्ती, प्यार और ईर्ष्या के खतरनाक संगम ने एक युवक की लगभग जान ले ली। दरअसल नरही थाना क्षेत्र के सोहांव गांव के पास गंगा किनारे 20 वर्षीय युवक आर्यन यादव को उसके ही दोस्तों ने साजिश के तहत चार गोलियां मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी हालत नाजुक देखते हुए वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

दोस्त की पूर्व प्रेमिका से बात करना पड़ा भारी

घटना के पीछे प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश की चौंकाने वाली कहानी सामने आई है। घायल युवक और आरोपी दोनों ही बक्सर नगर के मित्रलोक कॉलोनी के निवासी हैं। घायल आर्यन यादव ने पुलिस को बताया कि मुख्य आरोपी बबलू यादव उसी लड़की से पहले बात करता था, जो अब आर्यन से बातचीत करने लगी थी। इसी बात से नाराज होकर बबलू ने अपने साथियों के साथ मिलकर आर्यन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

मरा समझकर सड़क किनारे फेंका

योजना के तहत घटना के दिन बबलू यादव ने भरौली गोलंबर के पास आर्यन को रोका और उससे लिफ्ट मांगी। रास्ते में आरोपियों ने बीयर खरीदी और साथ में पी। इसके बाद वे उसे उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सोहांव गांव की ओर ले गए। जब आर्यन वापस लौटने लगा, तभी पीछे से उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई। उसे अंडकोष, जांघ, सीने और पीठ के हिस्से में कुल चार गोलियां मारी गईं। हमलावर उसे मृत समझकर सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए।

अस्पताल में इलाज जारी

सड़क किनारे लहूलुहान पड़े युवक को देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल भिजवाया। नरही थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक का इलाज वाराणसी ट्रामा सेंटर में जारी है और डॉक्टरों ने बताया है कि सभी गोलियां शरीर से निकाल ली गई हैं। फिलहाल उसकी हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक कृपाशंकर, सीओ राकेश कुमार सिंह और नरहीं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपियों की पहचान बबलू यादव और बम यादव के रूप में की है, जो बक्सर के मित्रलोक कॉलोनी के ही रहने वाले हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ये भी पढ़ें- Bihar Top News Today: नई सरकार का काउंटडाउन शुरू! ‘खजाना खाली कर गए नीतीश’, लालू को बड़ा झटका