शिवम मिश्रा, रायपुर। राजधानी रायपुर में हवाला नेटवर्क के जाल में फंसाकर 35 लाख रुपये की बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। इस ठगी का शिकार मुंबई के एक हवाला कारोबारी का कर्मचारी हुआ है। ठगों ने नोट के सीरियल नंबर से भरोसा जीतकर उसे दूसरी जगह बुलाया और VIP रोड पर 35 लाख रुपये लेकर फरार हो गए। यह घटना VIP रोड की है। मामले में तेलीबांधा थाना में अपराध दर्ज कर लिया गया है और पुलिस जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, तेलीबांधा थाना में मुंबई के हवाला कारोबारी के कर्मचारी ने अज्ञात ठग के खिलाफ हवाला कारोबार की रकम ट्रांसफर करने के नाम पर 35 लाख रुपये की ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। हवाला रकम लेने पहुंचे तीसरी पार्टी ने नोट का गलत नंबर देकर कारोबारी के कर्मचारी को ठगी का शिकार बनाया। जिन मोबाइल नंबरों से संपर्क किया गया था, उन्हें ट्रेस कर पुलिस आरोपी की पहचान करने में जुटी है।
मुंबई के बांद्रा ईस्ट निवासी करण शर्मा ने अज्ञात जालसाज के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार, हवाला कारोबारी ने अपने कर्मचारी को एक पार्टी से 35 लाख रुपये लेने भेजा था। इसके बाद उसे दूसरी पार्टी को रकम देने के लिए कहा गया, और फिर दूसरी पार्टी ने तीसरी पार्टी को पैसे देने के निर्देश दिए।
तीसरी पार्टी ने गलत नंबर देकर की ठगी
तीसरी पार्टी को रकम देने के लिए 20 रुपये के नोट का सीरियल नंबर साझा किया गया था, लेकिन वह नंबर लीक हो गया। इसका फायदा उठाकर आरोपी ने सीरियल नंबर में फेरबदल कर गलत नंबर बताया और 35 लाख रुपये लेकर फरार हो गया।
नोट मिलान के बाद हुआ खुलासा
रकम देने के बाद कर्मचारी ने 20 रुपये के आधे नोट की फोटो अपने मालिक को भेजी। जब व्हाट्सएप पर दोनों नोटों का मिलान किया गया, तब ठगी का खुलासा हुआ। पुलिस को आशंका है कि हवाला नेटवर्क से जुड़े लोगों ने ही इस ठगी को अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

