धमतरी। धमतरी पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर एक और सख्त प्रहार करते हुए सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र से दो युवकों को हेरोइन (चिट्टा) के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में नशीला पदार्थ, नगदी, वाहन और मोबाइल सहित लगभग 2.29 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि धमतरी बस स्टैंड के पीछे एक सफेद रंग की मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार (क्रमांक CG-13-C-4422) में दो युवक अवैध मादक पदार्थ की बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सूरज सिंह परिहार ने सीएसपी सिटी कोतवाली आईपीएस अभिषेक चतुर्वेदी को कार्रवाई के निर्देश दिए। सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर तलाशी ली, जिसमें उनके कब्जे से 10.30 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 47 हजार रुपये बताई गई है। इसके अतिरिक्त पुलिस ने मौके से 12 हजार रुपये नगद, बिक्री में प्रयुक्त स्विफ्ट कार, एक आईफोन 11, वीवो Y31 स्मार्टफोन (जियो सिम सहित) तथा नशे के उपयोग में आने वाली अन्य सामग्री भी जब्त की है।

गिरफ्तार आरोपी

कमर रजा (28 वर्ष), निवासी सदर बाजार, थाना सिटी कोतवाली धमतरी
मो. शोएब अख्तर (26 वर्ष), निवासी केला बाड़ी, जिला दुर्ग

खुद नशा करने से लेकर पैडलर बनने तक की कहानी

पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि पकड़े गए दोनों आरोपियों को पहले हेरोइन (चिट्टा) की लत लगी थी। इस नशे की उन्हें इस कदर लत लगी कि दोनों इसके बिना रह नहीं पाते थे,और चूंकि यह बड़ा महंगा नशा है इसलिए इसको खरीदने के लिए दोनों इसके पैडलर बन गए। हेरोइन (चिट्टा) की तस्करी से जो प्रॉफिट उन्हें होता था उससे वह खुद के लिए नशा खरीदते थे। ऐसा वह पिछले एक साल से कर रहे थे। आरोपी इतने शातिर थे कि वे लगातार फोन बदल-बदल कर इस काम को अंजाम देते थे ताकि पुलिस से बच सके। पुलिस की टीम पिछले एक महीने से आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रख रही थी और जैसे ही दोनों ग्राहक की तलाश में निकले पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया।