कुंदन कुमार/ पटना। बिहार की राजनीति में आज एक ऐतिहासिक बदलाव होने जा रहा है। पिछले दो दशकों से सत्ता के केंद्र रहे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज, मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा देंगे। दोपहर 3:15 बजे राजभवन जाकर वे राज्यपाल सैयद अता हसनैन को अपना त्यागपत्र सौंपेंगे। इसके साथ ही बिहार में नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान शाम तक होने की संभावना है।
कैबिनेट की आखिरी बैठक
नीतीश कुमार ने आज अपनी अंतिम कैबिनेट मीटिंग की अध्यक्षता की। लगभग 20 मिनट चली इस बैठक में नीतीश कुमार ने मंत्रियों को संबोधित करते हुए कहा, 2005 में मैंने जिम्मेदारी संभाली थी, मुझसे जितना बन सका मैंने बिहार के लिए किया। नई सरकार को मेरा मार्गदर्शन हमेशा मिलता रहेगा। बैठक के दौरान माहौल काफी भावुक रहा। अशोक चौधरी, सुनील सिंह और मदन सहनी जैसे कद्दावर मंत्री अपने आंसू नहीं रोक पाए। नीतीश कुमार ने सचिवालय के एक-एक कमरे का मुआयना किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बिहार के विकास में सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने मंत्रियों से कहा कि वे भले ही दिल्ली (केंद्रीय राजनीति) जा रहे हैं, लेकिन उनकी नजर हमेशा बिहार पर रहेगी।

पटना में दिग्गजों का जमावड़ा
बीजेपी की ओर से हलचल तेज है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान (पर्यवेक्षक के तौर पर) पटना पहुंच चुके हैं। नीतीश कुमार सुबह डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के साथ एक ही गाड़ी में बाबा साहेब आंबेडकर को श्रद्धांजलि देने पहुंचे, जो सत्ता हस्तांतरण के बीच आपसी तालमेल का संकेत है।
दोपहर का शेड्यूल: बैठकों और इस्तीफे का वक्त
बिहार की सियासत के लिए अगले कुछ घंटे निर्णायक हैं:
- दोपहर 2:00 बजे: JDU विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें नया नेता चुना जाएगा।
- दोपहर 3:15 बजे: नीतीश कुमार आधिकारिक तौर पर राज्यपाल को इस्तीफा सौंपेंगे और कैबिनेट भंग करेंगे।
- शाम 4:00 बजे: NDA के सभी घटक दलों (BJP, JDU, HAM, RLJP, RLM) की संयुक्त बैठक होगी, जिसमें नए मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगेगी।
दिल्ली की ओर नीतीश के कदम
नीतीश कुमार के संबोधन से यह साफ हो गया है कि अब उनकी भूमिका राष्ट्रीय राजनीति में होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे बिहार की प्रगति पर नजर रखेंगे। फिलहाल पूरे प्रदेश की नजरें शाम को होने वाले NDA के फैसले पर टिकी हैं कि बिहार की कमान अब किसके हाथों में सौंपी जाएगी।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

