चंडीगढ़। पंजाब सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके सम्मान के लिए एक और बड़ी पहल करने जा रही है। मुख्यमंत्री भगवंत मान कल, 15 अप्रैल को ‘मुख्यमंत्री मावां-धियां सत्कार योजना’ की औपचारिक शुरुआत करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री आदमपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे।

योजना की शुरुआत सबसे पहले प्रदेश के 9 विधानसभा हलकों में एक पायलट प्रोजेक्ट के रूप में की जा रही है। इन क्षेत्रों में कल से ही लाभार्थियों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

पायलट प्रोजेक्ट के तहत शामिल क्षेत्र

  • आदमपुर (राज्य स्तरीय कार्यक्रम)
  • मलोट
  • श्री आनंदपुर साहिब
  • दिड़बा
  • सुनाम
  • मोगा
  • कोटकपूरा
  • बटाला
  • पटियाला (ग्रामीण)

किसे और कितना मिलेगा लाभ?

राज्य सरकार ने इस योजना के तहत महिलाओं के लिए मासिक मानदेय (भत्ता) का प्रावधान किया है कि सामान्य वर्ग को 1,000 रुपये प्रतिमाह, अनुसूचित जाति (SC) वर्ग को 1,500 रुपये प्रतिमाह (500 रुपये अतिरिक्त)। पंजीकरण प्रक्रिया के दौरान आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड और बैंक पासबुक का होना अनिवार्य है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि जुलाई महीने से लाभार्थियों को यह मासिक भत्ता मिलना शुरू हो जाएगा।

बजट और सरकारी प्रतिबद्धता

इस जनकल्याणकारी योजना के लिए राज्य सरकार ने बजट में 9,300 करोड़ रुपये की व्यवस्था की है। उल्लेखनीय है कि सरकार ने 8 मार्च को विधानसभा में इस योजना को पेश किया था। मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में सरकार का कहना है कि वे अपने कार्यकाल की सभी चुनावी गारंटियों को पूरा कर चुके हैं और अब यह योजना राज्य की महिलाओं के लिए एक ‘बोनस’ के रूप में काम करेगी।

इस पायलट प्रोजेक्ट की सफलता को देखते हुए आने वाले समय में इसे चरणबद्ध तरीके से पूरे पंजाब में लागू किया जाएगा, जिससे लाखों परिवारों को आर्थिक संबल मिलेगा।