भागलपुर/सुल्तानगंज। रेलवे स्टेशनों पर बार-बार दी जाने वाली चेतावनियों के बावजूद, चलती ट्रेन में चढ़ने की जल्दबाजी लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। ताजा मामला बिहार के सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन का है, जहां एक युवक चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में अपना संतुलन खो बैठा और प्लेटफॉर्म तथा पटरी के बीच जा गिरा। आरपीएफ (RPF) के जवानों और स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से युवक को समय रहते बचा लिया गया, हालांकि उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
संतुलन बिगड़ने से हुआ दर्दनाक हादसा
हादसे का शिकार हुआ युवक भागलपुर के गंगापुर निवासी प्रवीण कुमार का 31 वर्षीय पुत्र अरुण कुमार है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अरुण आज सुल्तानगंज से भागलपुर जाने के लिए डीएमयू (DMU) लोकल ट्रेन पकड़ने स्टेशन पहुंचा था। ट्रेन जैसे ही प्लेटफॉर्म से रवाना हुई, अरुण ने दौड़कर उसे पकड़ने की कोशिश की। इसी दौरान उसका हाथ हैंडल से फिसल गया और संतुलन बिगड़ने के कारण वह सीधे प्लेटफॉर्म के गैप में जा गिरा।
RPF जवानों की तत्परता से बची जान
हादसा होते ही स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ जवानों ने तुरंत सक्रियता दिखाई और लोगों की मदद से घायल युवक को पटरी से बाहर निकाला। आरपीएफ इंस्पेक्टर फिरोज अख्तर ने बताया कि युवक को तत्काल प्राथमिक उपचार दिलाया गया और गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया गया है।
अस्पताल में जिंदगी की जंग
फिलहाल घायल अरुण का इलाज भागलपुर के JLNMCH (मायागंज अस्पताल) में चल रहा है। अस्पताल के डॉक्टर सुमित झा के अनुसार, युवक के सिर में गंभीर चोटें आई हैं और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। चिकित्सक उसे बचाने का हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर यात्रियों को जागरूक किया है कि चंद मिनटों की देरी से बचने के लिए जान जोखिम में डालना भारी पड़ सकता है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

