कुंदन कुमार, पटना। सीएम सम्राट चौधरी के अलावा जदयू से विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने लोकभवन में दोनों नेताओं को डिप्टी सीएम पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। बता दें कि बिहार की राजनीति में यह पहला मौका है, जब जदयू से कोई नेता डिप्टी सीएम बना हो।

विजय चौधरी ने नीतीश कुमार का जताया आभार

शपथ लेने से पहले विजय कुमार चौधरी ने इस जिम्मेदारी के लिए नीतीश कुमार का धन्यवाद किया था। विजय कुमार चौधरी ने कहा था कि, इस जिम्मेदारी के लिए मैं अपने नेता का आभार व्यक्त करता हूं, क्योंकि आज हमें जो भी पद मिलने जा रहा है, वह सिर्फ नीतीश कुमार के भरोसे की वजह से है। हम उनके दिखाए रास्ते पर चलकर पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ बिहार की जनता की सेवा करते रहेंगे। हमने बिहार की जनता के हित में अच्छा काम किया है और भविष्य में भी यही प्रयास जारी रहेंगे।

बैंक की नौकरी से डिप्टी सीएम तक का सफर

आपको बता दें कि डिप्टी सीएम विजय चौधरी का जन्म 8 जनवरी 1957 में एक राजनीतिक परिवार में हुआ था। शुरू में उन्होंने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में प्रोबेशनरी ऑफिसर की नौकरी की। हालांकि पिता जगदीश प्रसाद चौधरी का निधन होने के बाद उन्होंने पिता की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए सियासत में कदम रखा। 1982 में दलसिंहसराय उपचुनाव से राजनीतिक सफर शुरू किया और जीत हासिल की।

कांग्रेस से अपने करियर की शुरुआत करने वाले विजय चौधरी 1985 और 1990 में विधायक बने और जगन्नाथ मिश्र के करीबी रहे। बाद में वे जदयू में शामिल हो गए। इस दौरान उन्होंने सरकार में रहते हुए वित्त, शिक्षा, जल संसाधन समेत कई अहम विभाग संभाले और अब वे बिहार सरकार में डिप्टी सीएम की भूमिका निभाएंगे।

1990 से लगातार मंत्री रहे हैं बिजेंद्र प्रसाद यादव

बिजेंद्र प्रसाद यादव की बात करे तो उनकी पहचान बिहार के सबसे अधिक अनुभवी राजनीतिज्ञ के रूप में मानी जाती है। डिप्टी सीएम पद संभालने से पहले वह ऊर्जा विभाग के अतिरिक्त वित्त और वाणिज्यकर विभाग मंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे। बता दें कि बिजेंद्र प्रसाद यादव साल 1990 से लगातार सुपौल विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीतते और मंत्री बनते आ रहे हैं। वह जदयू प्रदेश अध्यक्ष के रूप में भी काम कर चुके हैं। साल 1990 में वह लालू यादव की सरकार में भी मंत्री रह चुके हैं।

ये भी पढ़ें- मुख्यमंत्री बनते ही सम्राट चौधरी ने रचा इतिहास, उनके नाम दर्ज हुए दो नए रिकॉर्ड