हेमंत शर्मा, इंदौर। शहर में एक बार फिर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का खौफ देखने को मिला है। इस बार गैंग के गुर्गों ने शहर के एक बिल्डर को निशाना बनाते हुए 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। रकम नहीं देने पर बिल्डर के बेटे को गोली मारने की सीधी धमकी दी गई है। मामला सामने आने के बाद शहर में हड़कंप मच गया है। पीड़ित बिल्डर विवेक दम्मानी ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह से की है, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और सुरक्षा बढ़ा दी गई है। 


जानकारी के मुताबिक, गैंग के सदस्य हैरी बॉक्सर ने बिल्डर को वॉइस मैसेज भेजकर 5 करोड़ रुपये की मांग की। मैसेज में साफ तौर पर कहा गया कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो उसके बेटे को गोली मार दी जाएगी। इस धमकी के बाद परिवार में दहशत का माहौल है। चौंकाने वाली बात यह है कि पिछले दो महीनों में शहर के व्यापारियों और बिल्डरों को लॉरेंस गैंग की ओर से यह पांचवीं धमकी है। 

मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच थाने में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब वॉइस मैसेज और कॉल डिटेल के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। वही पुलिस ने बिल्डर विवेक दम्मानी को सुरक्षा मुहैया कराई है और पूरे मामले की जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m