Bihar Politics: बिहार में सम्राट चौधरी के सीएम बनते ही प्रदेश में शराबबंदी का मुद्दा एक बार फिर से जोर पकड़ता हुआ नजर आ रहा है। दरअसल नीतीश कुमार के सीएम पद छोड़ते ही मोकामा से जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने बड़ी मांग कर दी है।

बिहार में चालू होना चाहिए दारू- अनंत सिंह

दअरअसल मीडिया से बातचीत के दौरान जब अनंत सिंह से यह पूछा गया कि क्या बीजेपी का सीएम बनने के बाद अब बिहार में फिर से शराब चालू कर देना चाहिए। इसपर अनंत सिंह ने कहा कि, बिहार में दारू चालू होना चाहिए, क्योंकि मौजूदा हालात में नशा-पानी बहुत खराब हो गया है।

अनंत सिंह ने कहा कि, शराबबंदी होने की वजह से यहां पर सूखे नशे का अवैध कारोबार बढ़ गया है। वे जल्द ही इस मुद्दे पर सम्राट चौधरी से मुलाकात कर उनसे बात करेंगे। बता दें कि अनंत सिंह का यह बयान सम्राट चौधरी के सीएम पद की शपथ लेने से पहले का है।

शराबबंदी को पूरे हुए 10 साल

बता दें कि हाल ही बीते 5 अप्रैल को शराबबंदी को 10 साल हुए हैं, जिसे लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने लगातार शराबबंदी पर सवाल उठाए और बिहार सरकार पर निशाना साधा। वहीं, पिछले विधानसभा सत्र के दौरान एनडीए के विधायकों ने भी सरकार से शराबबंदी की समीक्षा करने की मांग की थी।

वहीं, अब जदयू के बाहुबली विधायक ने साफ तौर पर बिहार से शराबबंदी को खत्म कर इसे चालू करने की मांग की है। ऐसे में अब देखने वाली बात यह होगी की बिहार की यह नई सरकार आने वाले दिनों में शराबबंदी को लेकर कोई ठोस फैसला लेती है या नहीं?

महिलाओं ने की थी शराबबंदी की मांग

आपको बता दें कि बिहार में वर्ष 2015 में नीतीश कुमार जब चुनावी मैदान में थे, तो महिलाओं ने शराबबंदी की मांग की थी, महिलाओं की इस मांग को आधार बनाकर नीतीश सरकार ने पहले एक अप्रैल 2016 से देशी शराब को बंद करने का निर्णय लिया, उसके बाद सरकार द्वारा जब विदेशी शराब के दुकान खुलवाने की प्रक्रिया शुरू हुई तो महिलाओं ने पूरे बिहार के जगह जगह विदेशी शराब के दुकान पर प्रदर्शन किया, जिसे देखते हुए सरकार ने पूर्ण शराबबंदी की। सदन में सभी दलों ने एक सुर के नीतीश कुमार के निर्णय का साथ दिया था। उस दौरान नीतीश महागठबंधन के साथ सरकार चला रहे थे। यानी राजद के साथ थे फिर भी भाजपा ने शराब बंदी का समर्थन किया था।

ये भी पढ़ें- ‘आशा है आप….’, सम्राट चौधरी के CM बनने पर तेजस्वी ने व्यंग्यात्मक अंदाज में दी बधाई, जानें क्या कहा?