कुंदन कमार, पटना। जदयू नेता और पूर्व सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार आज गुरुवार (16 अप्रैल) को पार्टी कार्यालय पहुंचे, जहां मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने सम्राट चौधरी को सीएम बनने पर बधाई देते हुए कहा कि, सम्राट मेरे भाई हैं और मैं उन्हें मुख्यमंत्री बनने पर शुभकामानाएं देता हूं। मुझे उम्मीद है कि सम्राट चौधरी बिहार को विकास की नई राह दिखाएंगे। उनके नेतृत्व में NDA की सरकार काम करेगी। मेरे पिता, नीतीश कुमार का उन्हें मार्गदर्शन रहेगा।

पार्टी को मजबूत करना उद्देश्य- निशांत कुमार

इसके साथ ही निशांत कुमार ने जदयू से डिप्टी सीएम बने विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव को भी शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि, हम अभी पार्टी और संगठन को मजबूत करने का काम करेंगे। पिताजी (नीतीश कुमार) के द्वारा किए गए कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना है। उनके सपनों को पूरा करने का प्रयास करूंगा। जनता का आशीर्वाद इसी तरह बना रहे।इस दौरान कार्यालय में मौजूद उनके समर्थक लगातार निशांत कुमार जिंदाबाद और बिहार का सीएम कैसा हो, निशांत कुमार जैसा हो नारे लगाते रहे।

डिप्टी सीएम बनने से किया था इंकार

आपको बता दें कि नई सरकार का गठन होने से ठिक पहले तक यह चर्चा चल रही थी की नीतीश कुमार के इस्तीफा देने के बाद जदयू से निशांत कुमार डिप्टी सीएम बनेंगे। हालांकि उन्होंने खुद इससे इंकार करते हुए पार्टी के लिए काम करने की बात कही थी। जदयू के कई सीनियर नेता और विधायक ने उन्हें डिप्टी सीएम बनने के लिए काफी मनाया भी, लेकिन उन्होंने इससे इंकार कर दिया, जिसके बाद आज जदयू से विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली।

पिता के नक्शेकदम पर निशांत- नीरज कुमार

निशांत कुमार के डिप्टी सीएम नहीं बनने पर जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने बड़ा बयान देते हुए कहा था कि, अगर पिता (नीतीश कुमार) ने खुद पद त्याग दिया है, तो बेटे में भी वही मूल्य होंगे। यहां, जैसे ही कोई विधायक बनता है, उसका बेटा या पोता गाड़ी पर चढ़कर भाषण देने लगता है। लेकिन आज नीतीश कुमार जी के बेटे में इतने गहरे संस्कार हैं कि उन्होंने पद ठुकरा दिया। चूंकि पिता ने भी पद ठुकरा दिया, इसलिए बेटे ने भी उन्हीं के नक्शेकदम पर चलना शुरू कर दिया है।

ये भी पढ़ें- अनंत सिंह का दुश्मन भोला सिंह सूरत से गिरफ्तार, बिहार पुलिस ने घोषित किया था इनाम