कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल निर्माणाधीन एलिवेटेड रोड का गाटर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। मौके पर काम कर रहा एक मजदूर गंभीर घायल हो गया, जिसे अस्पताल भेजा गया है। हादसे के बाद प्रोजेक्ट की मॉनिटरिंग, उसकी गुणवत्ता सहित निर्माण एजेंसी पर लापरवाही से जुड़े सवाल उठ रहे है।

दरअसल, ग्वालियर शहर में स्वर्ण रेखा नदी पर एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य चल रहा है। इस दौरान खेड़ापति मंदिर के पास पिलर्स पर गाटर रखने के दौरान बड़ा हादसा हुआ है। गाटर के गिरने से एक मजदूर गंभीर घायल हो गया। गाटर के बीच से टूटने से उसकी गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया है कि कल रात में गाटर को पिलर्स पर रखा गया था, आज उसे सेट किया जा रहा था।

ये भी पढ़ें: विधायक पुत्र की बिना नंबर प्लेट ‘थार’ ने 3 को मारी टक्कर: प्रीतम लोधी के बेटे पर केस दर्ज, MLA बोले- ‘जनता सर्वोपरि’

कांग्रेस ने लगाए ये आरोप

इस दौरान वह कैसे नीचे गिरा यह साफ नहीं हो सका है, लेकिन गाटर के ठीक बीच से दो टुकड़े होने के चलते इसकी मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे है। मौके पर पहुंचे कांग्रेस सीनियर लीडर सुनील शर्मा का कहना है कि प्रोजेक्ट की निगरानी ठीक ढंग से नहीं होने के चलते यह हादसा हुआ है। इस मामले की जांच होनी चाहिए और जो भी लापरवाही या कमी सामने आए उसके आधार पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

मंत्री बोले- लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी

वहीं हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक व ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना को लेकर मौका मुआयना किया। साथ ही हादसे की जांच के आदेश दिए। मौका मुआयना करने के बाद ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर निजी अस्पताल में इलाजरत मरीज का हाल जानने पहुंचे। पश्चिम बंगाल निवासी घायल मजदूर से उन्होंने बात की। इसके साथ ही डॉक्टर्स से चर्चा के बाद उसके अच्छे इलाज के निर्देश दिए।

एक लाख की सहायता

इस दौरान मंत्री तोमर ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से फोन पर घायल की बात भी कराई। ऊर्जा मंत्री ने बताया कि घायल मजदूर के बेहतर इलाज के निर्देश देने के साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री स्वेच्छा अनुदान निधि से 01 लाख की सहायता पहुंचने की बात भी कही है। तोमर ने यह भी बताया है कि घटना को लेकर साइट इंजीनियर से उनकी चर्चा हुई है उसमें बात सामने आई है कि जिस वक्त गार्टर को लांच किया जा रहा था, उस दौरान हाइड्रोलिक हिस्से की केबल से आयल लेकर होने के चलते उसका संतुलन बिगड़ा था। हालांकि उन्होंने एक बार फिर यह बात स्पष्ट की है कि घटना की पूरी जांच कराई जाएगी इसमें क्या कुछ लापरवाही रही है उसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m