Bihar Top News Today 16 april 2026: बिहार (BIHAR) में आज 16 अप्रैल को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

नई सरकार बनते ही उठी शराबबंदी खत्म करने की मांग

पटना। बिहार में नई सरकार बने अभी ठीक से 1 दिन भी नहीं पूरा हुआ है कि सत्ता पक्ष की ओर से प्रदेश में शराबबंदी को खत्म करने और उसकी समीक्षा करने की मांग उठने लगी है। दरअसल RLM पार्टी से विधायक माधव आनंद ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि, विधानसभा सत्र में मैंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सामने विधानसभा में शराबबंदी की समीक्षा की मांग उठाई थी।

CM सम्राट ने पटना साहिब गुरुद्वारे में टेका मत्था

पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दोपहर करीब 1:30 बजे सिख धर्म के पवित्र स्थल तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब पहुंचे। यहां उन्होंने पूरी श्रद्धा के साथ मत्था टेका और दरबार में हाजिरी लगाई। इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें सम्मान स्वरूप ‘सिरोपा’ भेंट किया। मुख्यमंत्री ने वहां लगभग 20 मिनट बिताए, जिस दौरान प्रबंधन समिति ने उन्हें गुरुद्वारे के ऐतिहासिक महत्व और व्यवस्थाओं की जानकारी दी। इस दौरान उनके साथ भाजपा नेता दिलीप जायसवाल भी मौजूद रहे।

खनन माफिया के खिलाफ बड़ा एक्शन

गया। जिले में अवैध बालू खनन के खिलाफ प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बरैनी घाट पर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बालू माफियाओं के मंसूबों पर पानी फेर दिया। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के कड़े निर्देश पर की गई इस छापेमारी में पुलिस ने 11 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया है। इस अचानक हुई कार्रवाई से खनन स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कई धंधेबाज मौके से फरार होने में सफल रहे।

नीतीश कुमार पर बनी मूवी देख रो पड़े अशोक चौधरी

पटना। बिहार की राजनीति में गुरुवार को एक भावुक और रणनीतिक मोड़ देखने को मिला। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 20 वर्षों के राजनीतिक सफर और विकास कार्यों पर आधारित शॉर्ट फिल्म ‘मेरा नेता मेरा अभिमान’ को उनके पुत्र निशांत कुमार ने जेडीयू (JDU) मुख्यालय में लॉन्च किया। इस दौरान नीतीश के कार्यों पर केंद्रित एक विशेष गाना भी रिलीज किया गया, लेकिन कार्यक्रम की सुर्खियां पूर्व मंत्री अशोक चौधरी के आंसू और निशांत कुमार की सक्रियता बनी।

सहायक अभियंता ने ली घूस

Bihar Crime: बिहार में निगरानी विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ताजा मामला पूर्णिया से सामने आया है, जो एक बार फिर सरकारी सिस्टम पर सवाल खड़े कर रहा है। दरअसल पटना की विशेष निगरानी टीम ने बिहार शिक्षा परियोजना में तैनात सहायक अभियंता भूषण प्रसाद को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
नंदन कुमार झा ने पैसे मांगने की शिकायत निगरानी विभाग से की थी, जिसके बाद विभाग ने आरोपों की जांच करते हुए जाल बिछाया और जैसे ही पीड़ित नंदन कुमार झा ने तय रकम 10 हजार अभियंता को दी, मौके पर तैनात निगरानी टीम के अधिकारियों ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि गिरफ्तार अभियंता इससे पहले भी वह किस्तों में पैसे ले चुका था।

NEET छात्रा रेप-मौत केस- आरोपी को बेल

NEET Student Death Case: राजधानी पटना से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आई है। दरअसल चर्चित नीट छात्रा हत्याकांड मामले में शंभू गर्ल्स हॉस्टल कांड के मालिक मनीष रंजन को कोर्ट से जमानत मिल गई है। गौरतलब है कि शंभू गर्ल्स हॉस्टल में ही छात्रा संदिग्ध हालत में मिली थी, जिसके बाद अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। छात्रा की मौत मामले में मनीष रंजन पर साक्ष्यको मिटाने के साथ ही कई गंभीर आरोप थे। मामले की जांच कर रही सीबीआई की बड़ी लापरवाही सामने आई है। दरअसल सीबीआई समय (90 दिनों के अंदर) पर चार्जशीट नहीं दाखिल कर पाई है, जिसके चलते मुख्य आरोपी और हॉस्टल के मालिक मनीष रंजन को आसानी से जमानत मिल गई। आरोपी मनीष रंजन को पॉक्सो कोर्ट से राहत मिली है, जिससे मामले ने नया मोड़ ले लिया है। इससे पहले कई बार उसकी जमानत याचिका खारीज हो चुकी थी।बता दें कि पटना नीट छात्रा मौत मामले में काफी सियासत भी देखने को मिली थी।

रोहिणी आचार्या का CM सम्राट चौधरी पर बड़ा हमला

पटना। बिहार की राजनीति में एक नए युग की पटकथा लिखी जा चुकी है। शपथ ग्रहण के महज 24 घंटे के भीतर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपनी कार्यशैली से स्पष्ट कर दिया है कि उनकी सरकार ‘सुशासन’ और ‘रफ्तार’ के मंत्र पर चलेगी। गुरुवार की सुबह सचिवालय पहुंचते ही गलियारों में हलचल तेज हो गई। मुख्यमंत्री ने कमान संभालते ही विभिन्न विभागों के प्रधान सचिवों के साथ मैराथन बैठक की। इस बैठक का मुख्य एजेंडा न केवल सरकारी योजनाओं की समीक्षा करना था, बल्कि आगामी लक्ष्यों के लिए एक रोडमैप तैयार करना भी रहा।

मंदिरों में लाखों की चोरी

रोहतास। जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बेखौफ चोरों ने भगवान के घर को भी नहीं बख्शा। बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के मानपुर पंचायत स्थित परसा गांव में चोरों ने दो प्रमुख मंदिरों काली मंदिर और हनुमान मंदिर को अपना निशाना बनाया और लाखों के आभूषण समेत कीमती सामानों पर हाथ साफ कर दिया। ​ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने बड़ी चालाकी से चोरी की इस घटना को अंजाम दिया। काली मंदिर से मां काली के सोने के नेत्र और सोने की नथिया चोरी कर ली गई है। वहीं, पास ही स्थित हनुमान मंदिर से भी बजरंग बली के सोने के नेत्र और अन्य पूजन सामग्री गायब है। आभूषणों के अलावा, चोर मंदिरों से 25-25 किलो वजन के पीतल के दो बड़े घंटे भी खोल ले गए।

युवक को पेड़ से लटकता उल्टा

बक्सर​। शहर के जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरुदास मठिया गांव में एक युवक की बेरहमी से पिटाई का मामला गरमा गया है। पीड़ित रवि कुमार उर्फ बेटानी यादव के पिता बसावन यादव की शिकायत पर पुलिस ने 17 नामजद और 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 6 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

शादी से पहले युवक ने की खुदकुशी

Bihar Crime: बिहार के वैशाली जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। दरअसल यहां एक युवक ने अपनी शादी से पहले ही खुदकुशी कर ली। हैरानी की बात यह है कि आत्महत्या करने से पहले उसने अपनी होने वाली पत्नी से घंटों फोन पर बात की थी। पूरा मामला जिले के भगवानपुर प्रखंड स्थित प्रतापटांड पश्चिमी गांव की बताई जा रही है।