Nitish Kumar: बिहार के पूर्व सीएम और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार को दिल्ली में अब नया सरकारी आवास मिल गया है। उन्हें 9 सुनहरी बाग में टाइप-8 श्रेणी का बड़ा बंगला आवंटित हुआ है। ये इलाका देश के बड़े नेताओं का वीआईपी जोन माना जाता है। खास बात ये है कि यहां उनके पड़ोस में गृहमंत्री अमित शाह, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और चिराग पासवान जैसे दिग्गज नेताओं के आवास पहले से ही आवंटित हैं।

पहले से ज्यादा बड़ा बंगला हुआ आवंटित

बता दें कि अब तक नीतीश कुमार दिल्ली में 6, कामराज लेन वाले आवास में रहते थे। हालांकि राज्यसभा सांसद बनने के बाद अब उन्हें नया और ज्यादा बड़ा बंगला दिया गया है। इसके साथ ही उनकी सुरक्षा भी पहले से और कड़ी कर दी गई है। उन्हें पूरे देश में CRPF की Z+ श्रेणी की सुरक्षा दी जा रही है, जो राजनीति में उनके बढ़ते कद को दिखाता है। बता दे कि 2018 में भी उन्हें 6 कामराज लेन पर टाइप-8 बंगला ही मिला था और अब नया आवास भी उसी कैटेगरी में आवंटित हुआ है।

24 घंटे तैनात रहेगी सुरक्षा

लुटियंस दिल्ली में सरकारी आवास टाइप-1 से लेकर टाइप-8 तक होते हैं, जिसमें टाइप-8 सबसे ऊंची श्रेणी मानी जाती है। ये बंगले करीब 8 से 8.5 हजार वर्ग फुट में फैले होते है। इनमें कई कमरे, बड़े-बड़े बेडरूम, ड्राइंग-डाइनिंग एरिया, स्टडी रूम, गैराज और सामने-पीछे लॉन तक शामिल होता है। सुरक्षा के लिहाज से भी ये काफी मजबूत होते हैं। हर वक्त सुरक्षाकर्मी, CCTV और कंट्रोल रूम जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहती हैं।

किन्हें मिलता है टाइप -8 का बंगला?

आमतौर पर ऐसे बंगले देश के बड़े पदों पर रहे या बैठे लोगों (जैसे केंद्रीय मंत्री, सुप्रीम कोर्ट के जज, पूर्व प्रधानमंत्री या राष्ट्रपति-उपराष्ट्रपति) को ही दिए जाते हैं। मौजूदा समय की बात करे तो गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जैसे नेताओं को भी इसी श्रेणी के आवास मिले हुए हैं। बता दें कि लुटियंस दिल्ली में 3 हजार से अधिक सरकारी आवास हैं। जिनमें टाइप-8 बंगलों की संख्या 100 से अधिक बताई जाती है।

ये भी पढ़ें- ​विकसित भारत के लिए दौड़ीं बिहार की बेटियां, CM सम्राट चौधरी ने दिखाई हरी झंडी, सीएम बोले- महिलाओं के बिना विकास अधूरा