Bihar Top News Today 17 april 2026: बिहार (BIHAR) में आज 17 अप्रैल को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

बिहार की 13 जिलों की जेलों में रेड

बिहार में नई सरकार के बनते ही कई जिल के जेलों में एक साथ छापेमारी की गई है। कटिहार के मंडल कारा में जहां, आज शुक्रवार की सुबह छापेमारी की गई है। वहीं, गुरुवार की बीती रात भोजपुर, मुजफ्फरपु और गयाजी में जिला प्रशासन ने जिले के कारागारों में औचक छापेमारी की। इस दौरान भारी मात्रा में कैश और संदिग्ध सामान बरामद किया गया।

CM ने हरिहरनाथ मंदिर में की पूजा

CM Samrat Chaudhary: सीएम सम्राट चौधरी आज शुक्रवार (17 अप्रैल) को सोनपुर स्थित बाबा हरिहर नाथ मंदिर पहुंचे, जहां मंदिर में उन्होंने सपरिवार पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख समृद्धि की कामना की। सीएम सम्राट ने मंदिर के गर्भगृह में लगभग 20 मिनट तक विशेष पूजा संपन्न की। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

पशुपति पारस का वेंटिलेटर पर चल रहा इलाज

पटना। बिहार की राजनीति के दिग्गज नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस इस समय गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। फेफड़ों में संक्रमण के कारण उन्हें पटना के कंकड़बाग स्थित एक निजी अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है, जहां वे वर्तमान में वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। ​डॉक्टरों के अनुसार, पशुपति पारस के फेफड़ों में संक्रमण काफी बढ़ गया है, जिससे उनके शरीर में ऑक्सीजन का स्तर गिर गया है। इसी वजह से उन्हें कृत्रिम श्वसन पर रखा गया है। PMCH के वरिष्ठ डॉक्टर आनंद कुमार की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। उनकी पत्नी शोभा देवी ने बताया कि हालांकि स्थिति में मामूली सुधार है, लेकिन खतरा अभी टला नहीं है।

CM सम्राट चौधरी को जान से मारने की धमकी

पटना। बिहार के नए सीएम सम्राट चौधरी को फोन पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस संबंध में मुंगेर जिले के संग्रामपुर पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेखर यादव (32), पिता कृष्णा यादव के रूप में हुई है। शेखर यादव मूल रूप से बिहार के बांका जिले के खेरौधा गांव का रहने वाला है, जो वर्तमान में अहमदाबाद में रह रहा है। वहां पर वह एक थार ड्रायपोर्ट कंपनी में काम करता है।

अनंत सिंह का जानी दुश्मन अरेस्ट

पटना। बिहार के अपराध जगत का चर्चित चेहरा और पूर्व विधायक अनंत सिंह का कट्टर दुश्मन भोला सिंह आखिरकार कानून के शिकंजे में आ गया है। CBI ने उसे गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया है, जहां वह नाम बदलकर छिपा हुआ था। ​भोला सिंह कभी देश की सेवा में CRPF जवान के रूप में तैनात था और उसने कमांडो की ट्रेनिंग भी ली थी। लेकिन नौकरी छोड़कर उसने अपराध और ठेकेदारी की दुनिया में कदम रखा। शुरुआत में वह मोकामा के बाहुबली अनंत सिंह का सबसे भरोसेमंद साथी और उनकी ‘परछाईं’ माना जाता था। दोनों साथ मिलकर NTPC में ठेकेदारी करते थे।

विधान परिषद की दो सीटों के लिए उपचुनाव की घोषणा

पटना। बिहार की सियासत में विधान परिषद (MLC) की खाली सीटों को लेकर हलचल तेज हो गई है। चुनाव आयोग ने गुरुवार को भाजपा नेता मंगल पांडेय के विधायक बनने से रिक्त हुई सीट पर उपचुनाव की घोषणा कर दी है। इस सीट के साथ-साथ राधा चरण शाह के इस्तीफे से खाली हुई भोजपुर-बक्सर स्थानीय निकाय सीट पर भी 12 मई को मतदान होगा और उसी शाम नतीजे घोषित किए जाएंगे।

डिप्टी सीएम की सुरक्षा बढ़ी

पटना। बिहार सरकार ने राज्य के दोनों नवनियुक्त उपमुख्यमंत्री, विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव, की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बेहद महत्वपूर्ण और बड़ा निर्णय लिया है। प्रशासन ने सुरक्षा के स्तर को बढ़ाते हुए अब दोनों नेताओं को Z+ (Z Plus) श्रेणी की सुरक्षा प्रदान करने का फैसला किया है। ​Z+ सुरक्षा भारत में दी जाने वाली सर्वोच्च सुरक्षा श्रेणियों में से एक है। इसके तहत अब दोनों उपमुख्यमंत्रियों के चारों ओर लगभग 36 से 40 सुरक्षाकर्मियों का घेरा होगा। इसमें नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) के समकक्ष ट्रेंड जवान या विशेष शाखा के कमांडो शामिल होते हैं। साथ ही, उनके काफिले में अब स्कॉर्ट गाड़ियां और तकनीकी निगरानी की भी अधिक व्यवस्था होगी।

बजरंग दल का प्रदर्शन

​भागलपुर। शुक्रवार को जिले की सड़कें उस समय नारों से गूंज उठीं जब बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद (VHP) के सैकड़ों कार्यकर्ता सामाजिक और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को लेकर सड़क पर उतर आए। शहर के कचहरी चौक से शुरू हुए इस विरोध मार्च ने स्थानीय प्रशासन और सरकार को कड़ा संदेश देने का प्रयास किया है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर संज्ञान नहीं लिया गया, तो वे बड़े पैमाने पर आंदोलन करेंगे।

गंगा स्नान के दौरान डूबा युवक

भागलपुर। जहां गंगा स्नान के दौरान एक मेधावी छात्र की डूबने से असामयिक मृत्यु हो गई। यह दुर्घटना बरारी गंगा घाट पर हुई, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। मृतक की पहचान जगदीशपुर थाना क्षेत्र के ममहतपुर निवासी सुभाष मंडल के 14 वर्षीय पुत्र आर्यन कुमार के रूप में हुई है। ​घटना शुक्रवार तड़के की है। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, आर्यन अपने बड़े भाई अमित कुमार के साथ सुबह करीब 4:00 बजे बाइक से गंगा स्नान के लिए बरारी घाट पहुंचा था। दोनों भाई पवित्र नदी में स्नान कर रहे थे, तभी गहराई का अंदाजा न मिल पाने के कारण आर्यन अचानक तेज धारा की चपेट में आ गया और डूबने लगा।

मुस्लिम टोपी पहनने से सीएम का इंकार

पटना। पूर्व सीएम नीतीश कुमार की तरह अब राज्य के नए सीएम सम्राट चौधरी भी जनता दरबार लगाएंगे। जनता दरबार कार्यक्रम की आज से शुरुआत हुई है। बिहार के अलग-अलग जिलों से अपनी समस्याओं को लेकर फरियादी जनता दरबार पहुंचे जहां उनकी समस्याओं को सुना गया और उसके समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया। जनता दरबार के पहले दिन आज लोगों की समस्याओं को सुनने व समाधान करने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी खुद मौजूद थे। जनता दरबार में अल्पसंख्यक समाज से जुड़े लोग भी पहुंचे हुए थे। इस दौरान वे सीएम सम्राट चौधरी का स्वागत भी कर रहे थे। हालांकि इस दौरान एक अजीबो-गरीब स्थिति उस समय पैदा हो गई, जब अप्लसंख्यक समाज के एक व्यक्ति ने सीएम सम्राट चौधरी को अपने समुदाय की टोपी पहनाने की कोशिश की लेकिन सीएम ने टोपी पहनने से इंकार कर दिया और टोपी को लेकर उसे अपने सुरक्षा कर्मियों को दे दिया। हालांकि इस दौरान उन्होंने गमछा पहना और उस व्यक्ति को हाथ जोड़कर प्रणाम किया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।