​गया। तीर्थनगरी गया के परैया थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर बेखौफ अपराधियों ने खून की होली खेली। रामडीह और उपरोहली के बीच स्थित खारपर के समीप बाइक सवार बदमाशों ने एक साइकिल सवार व्यक्ति की कनपटी में पिस्तौल सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही शख्स ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान छक्कन बिगहा निवासी 45 वर्षीय अवधेश शर्मा के रूप में हुई है।

​बाजार से लौटते वक्त घात लगाकर हमला

​जानकारी के अनुसार, अवधेश शर्मा निजी काम से साइकिल पर सवार होकर परैया बाजार गए थे। दोपहर के समय जब वह वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी खारपर के पास पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक सवार हमलावरों ने अपने चेहरे काले गमछे से ढंक रखे थे, जिससे उनकी पहचान न हो सके। अपराधियों ने बिना संकोच किए सीधे अवधेश की कनपटी पर निशाना साधा और ट्रिगर दबा दिया।

​7 मिनट में पहुंची पुलिस, इलाके में दहशत

​वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो गए। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए परैया थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी भारी पुलिस बल के साथ महज 7 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने तत्काल शव को कब्जे में लिया और कागजी कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज भेज दिया। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

​आपराधिक इतिहास पर टिकी जांच

​पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक अवधेश शर्मा का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। सूत्रों के मुताबिक, उन पर पहले से ही हत्या जैसे गंभीर मामले दर्ज थे और वह जेल की सजा भी काट चुके थे। पुलिस को अंदेशा है कि यह हत्याकांड पुरानी रंजिश या आपसी दुश्मनी का परिणाम हो सकता है।
​घटनास्थल पर पहुंचे टिकारी पुलिस अनुमंडल के एसडीपीओ सुशील कुमार चंचल ने बताया, पुलिस हर पहलू से मामले की तफ्तीश कर रही है। हालांकि परिजन अभी सदमे में हैं और कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं, लेकिन अपराधियों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।