विजय कुमार, जमुई। जिले में विभिन्न अपराधिक कांडों में फरार चल रहे अभियुक्त खैरमा निवासी ढीबू यादव को आज सोमवार की सुबह 10 बजे पुलिस की टीम पकड़ने पहुंची थी। इस दौरान अभियुक्त ढीबू यादव ने अपने पूरे परिवार के साथ मिलकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया। हमलावरों ने इस दौरान लाठी-डंडे और ईंट पत्थर से मारकर दो एसआई और एक सिपाही को बुरी तरह घायल कर दिया।

पुलिस ने ढीबू यादव को किया गिरफ्तार

हालांकि पुलिस ने इस घटना के बावजूज आखिरकार अभियुक्त ढीबू यादव को गिरफ्तार कर लिया। ढीबू यादव पर डकैती, लूट, मारपीट सहित रेलवे थाना में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। घायल दो एसआई और एक सिपाही को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, और अभियुक्त ढीबू यादव को भी मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल लाया गया है, जहां डॉक्टर मनीष कुमार द्वारा सभी का इलाज किया जा रहा है। घायल एसआई की पहचान टाउन थाना में कार्यरत सुनील कुमार साह, बिक्रम कुमार और सिपाही की पहचान रणबीर कुमार के रूप में हुई है।

अभियुक्त पर दर्ज हैं कई गंभीर मामले

बताया जा रहा है कि खैरमा निवासी ढीबू यादव पर कई आपराधिक मामले दर्ज है। जिसको लेकर वह लंबे समय से फरार चल रहा था। जिसकी गिरफ्तारी के लिए केस आईओ सुनील कुमार साह दल बल के साथ पहुंचे थे और खैरमा पुल स्थित चिमनी भट्ठा के पास से ढीबू यादव को दबोच लिया था।

इसी दौरान ढीबू यादव के परिवार के सदस्य और सहयोगी लाठी डंडा लेकर पुलिस टीम को घेर लिया और हमला कर दिया। जिससे दो एसआई और एक सिपाही घायल हो गए। फिलहाल सभी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है।

ये भी पढ़ें- ‘अमित शाह को करना चाहिए दिल्ली का दौरा’, जानें क्यों तेजस्वी ने गृहमंत्री को दी यह सलाह?