नरेश शर्मा, रायगढ़। जिले में लगातार हो रही उठाईगिरी, लूट और चोरी की वारदातों के बीच लैलूंगा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय शातिर आरोपी अरविंद प्रताप सिंह उर्फ अरविंद नट को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मध्य प्रदेश के अनुपपुर जिले के भलगढ़ का रहने वाला है और अपने साथी ओमप्रकाश उर्फ बच्चा सिसोदिया के साथ छत्तीसगढ़, ओडिशा और मध्य प्रदेश के कई जिलों में वारदातों को अंजाम दे रहा था। फिलहाल उसका साथी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

CCTV विश्लेषण से मिली सफलता

थाना लैलूंगा क्षेत्र में जनवरी 2026 के दौरान बुधवारी बाजार, टीवीएस शोरूम और स्टेट बैंक शाखा के पास मोटरसाइकिल की डिक्की से लगातार उठाईगिरी की घटनाएं सामने आई थीं। मामलों की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने एसडीओपी धरमजयगढ़ और थाना प्रभारी को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।

पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए अंतरराज्यीय इनपुट जुटाए, जिसके आधार पर जशपुर जिले के पत्थलगांव क्षेत्र के शिवपुर निवासी अरविंद प्रताप सिंह (पिता प्रताप सिंह, उम्र 40 वर्ष) और उसके साथी की पहचान हुई। पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी को उस समय दबोच लिया, जब वह लैलूंगा में फिर से वारदात की योजना बनाकर रेकी कर रहा था।

कई वारदातों का किया खुलासा

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ठेकेदारी का काम करता है और अपने साथी ओमप्रकाश के साथ मिलकर मध्य प्रदेश के अनुपपुर, शहडोल, ओडिशा के सुंदरगढ़ और झारसुगुड़ा समेत कई क्षेत्रों में एक साल के भीतर 10-12 वारदातों को अंजाम दे चुका है।

आरोपी ने रायगढ़ जिले के लैलूंगा क्षेत्र में जनवरी 2026 में घरघोड़ा रोड स्थित एक गैरेज के सामने खड़ी मोटरसाइकिल की डिक्की से करीब 2,15,000 रुपए, बुधवारी बाजार से 40,000 रुपए, अप्रैल 2026 में दीवान होटल के पास कार का शीशा तोड़कर 59,000 रुपए और अग्रसेन चौक के पास मोटरसाइकिल की डिक्की से 50,000 रुपए चोरी करना स्वीकार किया है।

वारदात का तरीका भी आया सामने

पूछताछ में आरोपियों का एक सुनियोजित पैटर्न सामने आया है। दोनों आरोपी बैंक और भीड़भाड़ वाले इलाकों के आसपास रेकी करते थे और पैसे निकालकर निकलने वाले लोगों को निशाना बनाते थे। मौका मिलते ही पेचकस और डुप्लीकेट चाबी की मदद से मोटरसाइकिल की डिक्की खोल लेते थे या कार का शीशा तोड़कर रकम पार कर देते थे। वारदात के बाद रकम आपस में बांट ली जाती थी।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बिना नंबर की होंडा साइन मोटरसाइकिल, पेचकस और चाबी बरामद की है। आरोपी की गिरफ्तारी से थाना लैलूंगा के अपराध क्रमांक 109/2026, 118/2026, 127/2026 और 130/2026 (धारा 303(2) बीएनएस) के मामलों का खुलासा हुआ है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस ने नागरिकों से की ये अपील

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय ऐसे संगठित अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से अपील की है कि बैंक से लेन-देन के दौरान सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H