पुरुषोत्तम पात्र, गरियाबंद। क्षतिग्रस्त रपटे की वजह से परेशानी झेल रहे अमांड समेत आसपास गांव के ग्रामीणों ने आज सुबह 6 बजे से जुगाड़ के पास नेशनल हाइवे 130 सी पर चक्काजाम कर दिया. क्षतिग्रस्त रपटा का मरम्मत इसी सप्ताह से शुरू कराए जाने के प्रशासन के लिखित आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने करीब शाम 6 बजे चक्काजाम खत्म किया.

यह भी पढ़ें : CG Police Transfer : 192 आरक्षकों का हुआ तबादला, देखें लिस्ट…

दरअसल, नेशनल हाइवे को जोड़ने वाले अमांड देवझरामली मार्ग पर विशेष केंद्रीय सहायता मद से 2024 में पुलिया निर्माण के लिए 1.49 करोड़ की मंजूरी मिली थी. पीएमजीएसवाय ने काम के लिए ठेका कम्पनी से अनुबंध कर 19 जनवरी 2025 को वर्क आर्डर भी जारी कर दिया.

कम्पनी ने फरवरी 2026 में काम शुरू करने से पहले पुराने रपटे को तोड़ दिया. काम शुरू हुआ था कि उदंती अभयारण्य प्रशासन ने एनओसी नहीं लेने का हवाला देकर काम बंद करा दिया. अभयारण्य इलाके में काम शुरू करने से पहले की जाने वाली तैयारी पूरी नहीं थी, जिसका खामियाजा अब ग्रामीण भुगत रहे हैं.

क्षतिग्रस्त रपटे की वजह से परेशानी झेल रहे अमांड समेत आसपास गांव के ग्रामीणों ने जिला पंचायत सदस्य संजय और लखेश्वरी नेताम के नेतृत्व में आज सुबह जुगाड़ के पास नेशनल हाइवे 130 सी पर चक्काजाम कर दिया. चक्काजाम किए जाने की जानकारी मिलने पर बातचीत के लिए एसडीएम पहुंचे, लेकिन बात नहीं बनी. दोपहर बाद अपर कलेक्टर पंकज डाहरे, अभयारण्य उपनिदेशक पंकज जैन और पुलिस प्रशासन की टीम पहुंची.

दो घंटे के वार्ता के बाद प्रशासन ने लिखित में दिया कि क्षतिग्रस्त रपटा का मरम्मत इसी सप्ताह से शुरू कराया जाएगा. प्रशासन की पूरी कोशिश रहेगी कि बारिश के बाद लंबित निर्माण की प्रक्रिया पूरी कर ली जाए. इसी लिखित आश्वासन के बाद ग्रामीण प्रदर्शन खत्म करने राजी हुए.

दिनभर बाधित रहा आवागमन

ग्रामीणों के नेशनल हाइवे पर चक्काजाम किए जाने की वजह से दिन भर यात्री बसें और रास्ते से आने-जाने वाले आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ी. जुगाड़ के पास हाइवे में दोनों छोर भारी वाहनों की लंबी कतार लग गई थी. लोगों को ओडिशा का रास्ता पकड़ आवाजाही करना पड़ा.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m