Patna School News: बिहार समेत देश के कई हिस्सों में इस समय गर्मी का भीषण कहर देखने को मिल रहा है। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में तेज चिलचिलाती धूप और गर्म हवाएं लोगों के पसीने छुड़ा रही है। राजधानी पटना में बीते कुछ दिनों से लगातार दिन के समय का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, जिससे आम लोगों का जन-जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। वहीं, स्कूली बच्चों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्कूल के लिए नया टाइम-टेबल जारी

पटना के हालात को देखते ही डीएम त्यागराजन ने महज 24 घंटे के अंदर दूसरा बड़ा आदेश जारी किया है। जिलाधिकारी ने जिले के सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों (प्री-प्राइमरी एवं आंगनबाड़ी केंद्रों) में कक्षा 5वीं तक की पढ़ाई पर सुबह 11:30 बजे के बाद रोक लगाने का आदेश दिया है। इसके अलावा कक्षा 8वीं तक के छात्रों के लिए दोपहर 12:30 बजे के बाद पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक लगाने का आदेश दिया है। जारी आदेश में सभी स्कूल प्रबंधन से इस टाइम-टेबल को सख्ती से लागू करने का आदेश दिया है।

महज 24 घंटे में बदलना पड़ा आदेश

जबकि इस आदेश से लगभग 24 घंटे पहले पटना डीएम ने यह आदेश जारी किया था कि जिले के सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों में कक्षा 5 तक के बच्चों की पढ़ाई दोपहर 12.30 बजे तक अनिवार्य है। उसके बाद बच्चों की छुट्टी कर दी जाएगी। वहीं, कक्षा 5वीं से ऊपर की कक्षाओं के लिए कोई निर्देश नहीं जारी किया गया था। हालांकि जिले में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए उन्हें 24 घंटे के अंदर ही अपना आदेश बदलना पड़ा। पटना डीएम ने स्कूली बच्चों की सेहत और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है।

कई जिलों में 40 के पार पहुंचा पारा

मौसम विभाग की माने तो आज बुधवार 22 अप्रैल को भी लोगों को भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है। कई जगहों पर तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान जताया गया है, जिससे लोगो को लगातार बढ़ती तपिश महसूस होगी।

प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी अप्रैल महीने में मई और जून की जैसी गर्मी का एहसास दिला रही है। दिन के समय चिलचिलाती धूप और उमस भरी रात ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। कल की बात करे तो बिहार के गयाजी जिले में सबसे अधिक 42.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं, राजधानी पटना समेत कई जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार रहा।

बेवजह बाहर निकलने से बचने की सलाह

बढ़ते तापमान को देखते हुए डॉक्टरों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर दोपहर 12 से 3 बजे तक बच्चों और बुजर्गों को बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। इस दौरान शरीर में पानी की कमी को पूरा करने के लिए समय-समय पर नींबू-पानी और ओआरएस का सेवन करने को कहा गया है। वहीं, बाहर निकलते समय सिर पर कपड़ा या फिर छाता लेकर निकलने की सलाह दी गई है।

ये भी पढ़ें- बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, एक साथ कई बड़े अधिकारियों का हुआ तबादला, देखें पूरी लिस्ट