कुंदन कुमार, पटना। बिहार की राजधानी पटना से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां आज बुधवार (22 अप्रैल) की सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई है। मिली खबर के अनुसार पुलिस अपराधियों को पकड़ने पहुंची थी, इसी दौरान पुलिस से खुद को घिरता देख अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग करना शुरू कर दिया। पूरा मामला जक्कनपुर थाना क्षेत्र का है।

गौरतलब है कि इन दिनों पटना पुलिस द्वारा अपराध और अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए ऑपरेशन लंगड़ा जारी है, जिसके तहत यह एनकाउंटर किया गया है।

ज्वेलरी शॉप में लूट के आरोपियों का एनकाउंटर

दरअसल पटना के फुलवारी शरीफ के रामकृष्ण नगर में बीते 19 अप्रैल को बाइक सवार 5 बदमाशों ने दिनदहाड़े एक ज्वेलरी शॉप से हथियार के बल पर लगभग 20 लाख के गहने लूटकर फरार हो गए थे। इस दौरान बदमाशों ने दुकानार के सिर पर पिस्टल की बट से वार कर उसे घायल भी कर दिया था। लूट की घटना का सीसीटीवी वीडियो भी वायरल हुआ था। इसी घटना के जांच में पुलिस और अपराधियों के बीच यह मुठभेड़ हुई है।

पुलिस अपराधियों में मुठभेड़

इस बीच मामले की छानबीन में जुटी पुलिस को यह गुप्त सूचना मिली की इस लूट की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी जक्कनपुर थाना क्षेत्र में छिपे हुए हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस बदमाशों को गिरफ्तार करने पहुंची थी। हालांकि इस दौरान खुद को पुलिस से घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग करना शुरू कर दिया। बदले में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में गोलियां चलाई। इस मामले में एक आरोपी को पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पाताल में भर्ती कराया गया है।

उदित नाम के व्यक्ति ने की थी मदद

घटना को लेकर पटना एसएसपी कार्तिकेय के० शर्मा ने बताया कि बीते दिनों पटना में ‘श्री लक्ष्मी अलंकार ज्वेलर्स’ की दुकान में लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। इस मामले के खुलासे के लिए एक टीम का गठन किया गया था। जांच के क्रम में यह पता चला कि उदित राज नाम के एक व्यक्ति ने इस लूट में अपराधियों की मदद की है, जब उससे पूछताछ की गई तो उसने दो अन्य दिलीप और रोहन व्यक्ति का नाम सामने आया। इस मामले में जब दिलीप से पूछताछ की गई तो उसने अपनी संलिप्तता स्वीकार की और घटना में शामिल सभी लोगों का नाम बताया।

भागने के दौरान पुलिस पर किया हमला

एसएसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान दिलीप ने बताया कि लूट की घटना को अंजाम देने के बाद सभी ने जक्कनपुर थाना क्षेत्र में किसी बगीचे में गहने का बंटवारा किया और हथियार को उसी जगह छिपाकर फरार हो गए। पुलिस जब हथियार बरामद करने के लिए उसे घटनास्थल पर लेकर पहुंची तो इसी क्रम में उसने देसी पिस्टल से पुलिस पर भागने की कोशिश में फायरिंग कर दिया, इस क्रम में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की। जिसमें एक गोली दिलीप के पैर में लग गई। गोली लगने के बाद वह घायल होकर जमीन पर गिर गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार करते हुए इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

अब तक कुल 4 लोग गिरफ्तार

एसएसपी ने कहा कि, इस मामले का खुलासा कर लिया गया है। इस मामले में अभी तक कुल 4 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। जल्द ही वह इस लूट में शामिल अन्य फरार बमदाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने लूट में शामिल हथियार को बरामद कर लिया है।

ये भी पढ़ें- ‘सम्राट के CM बनते ही अपराधियों की मौज’, ज्वेलरी शॉप से दिनदहाड़े 20 लाख की लूट पर तेजस्वी ने कसा तंज