कुंदन कुमार, पटना। सीएम सम्राट चौधरी ने आज बुधवार (22 अप्रैल) को अपने कैबिनेट की पहली बैठक बुलाई है। मुख्यमंत्री की पहली कैबिनेट बैठक शाम 6:00 होगी। इस बैठक में सीएम सम्राट चौधरी के अवाला दोनों डिप्टी सीएम और प्रमुख विभाग से जुड़े कई पदाधिकारी शामिल हो सकते हैं।

बता दें कि सीएम सम्राट चौधरी फिलहाल दिल्ली दौरे पर हैं। आज दोपहर 1 बजे तक वह पटना लौट आएंगे। दिल्ली से पटना लौटते ही उन्होंने तुरंत कैबिनेट की बैठक बुलाई है, जिसे लेकर यह कयास लगाया जा रहा है कि वे अपनी इस पहली कैबिनेट बैठक में कई बड़े फैसले ले सकते हैं।

कल पीएम मोदी से दिल्ली में की थी मुलाकात

गौरतलब है कि कल मंगलवार को सीएम सम्राट चौधरी ने दिल्ली में पीएम मोदी और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से शिष्टाचार मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला दिल्ली दौरा है। आज 1 बजे वह पटना लौट आएंगे।

सीएम सम्राट ने पीएम मोदी के साथ मुलाकात की कुछ तस्वीरों को शेयर करते हुए सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आज नई दिल्ली में शिष्टाचार मुलाकात की। राज्य के समग्र विकास एवं जनकल्याण के विषय पर मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। माननीय प्रधानमंत्री जी का स्नेह एवं सहयोग बिहार की प्रगति को नई गति प्रदान कर रहा है।

कैबिनेट विस्तार को लेकर चर्चा

सीएम सम्राट चौधरी भले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात को शिष्टाचार मुलाकात बता रहे हों, लेकिन इस मुलाकात को बिहार की नई सरकार में होने वाले कैबिनेट विस्तार के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। दिल्ली दौरे पर सीएम सम्राट गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन से भी मुलाकात कर सकते हैं। इस दौरान बिहार सरकार में मंत्रियों के नाम और विभाग के बंटवारे को लेकर फाइनल लिस्ट तैयार हो सकती है।

5 मई बाद हो सकता है मंत्रिमंडल का विस्तार

सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार, 5 मई 2026 के बाद बिहार में मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है। दरअसल 4 मई को पश्चिम बंगाल समेत 5 राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनावों का परिणाम आना है। माना जा रहा है कि इसके तुरंत बाद ही प्रदेश में मंत्रिमंडल का विस्तार हो जाएगा। इस बार मंत्रिमंडल में भी बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है। सीएम सम्राट के कैबिनेट में कुछ नए चेहरों को जगह मिल सकती है। वहीं, कुछ मंत्रियों की विदाई भी हो सकती है।

ये भी पढ़ें- बिहार पंचायत चुनाव में बड़ा बदलाव: पहली बार EVM से होगी वोटिंग, तैयारी में जुटा आयोग