फरीदकोट। विजिलेंस ने जैतो थाने में दर्ज नशा तस्करी मामले में गिरफ्तार आरोपियों का और रिमांड न लेने और नई रिकवरी न दिखाने की एवज में 33500 रिश्वत लेता एएसआई को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार जैतो के एएसआई हरपाल सिंह ने 17 अप्रैल को दबड़ीखाना रोड पर एक कार को रोककर सादा पत्ती जैतो वासी लखवीर सिंह और उसकी मां जसवीर कौर को 60 नशीली गोलियों के साथ काबू किया था।

आरोपी लखवीर सिंह और जसवीर कौर का रिमांड न लेने और नई रिकवरी न डालने के एवज में एएसआई हरपाल सिंह ने 2 लाख रुपए की डिमांड की। बाद में बातचीत दौरान सौदा ₹80 हजार में हुआ। उन्होंने हरपाल सिंह को 18 अप्रैल को रिश्वत के तौर पर ₹40 हजार की पहली किस्त दी। एएसआई ने फोन कर शेष 40 हजार रुपए भी देने की मांग की।

आरोपी की पत्नी गुरप्रीत कौर ने फोन कॉल की रिकार्डिंग और शिकायत समेत विजिलेंस से संपर्क किया। विजिलेंस ने हरपाल सिंह को रिश्वत लेते गिरफ्तार कर उसकी कार से 33500 बरामद कर लिए। विजिलेंस ने एएसआई को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है।