राजधानी दिल्ली के अमर कॉलोनी में हुए सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। IRS अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की हत्या के मुख्य आरोपी राहुल मीणा को गिरफ्तार कर लिया गया है। दिल्ली पुलिस (Delhi Police) के मुताबिक, आरोपी को द्वारका स्थित एक होटल से पकड़ा गया। आरोपी पहले IRS अधिकारी के घर में घरेलू कर्मचारी के रूप में काम करता था, लेकिन करीब दो महीने पहले उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। घटना के बाद से ही वह पुलिस के शक के दायरे में था। जांच एजेंसियों का कहना है कि दिल्ली में इस अपराध को अंजाम देने से कुछ घंटे पहले उसने राजस्थान के अलवर में दोस्त की पत्नी के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया था, जिसकी रिपोर्ट वहां दर्ज की जा चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, उसने इस अपराध को अंजाम देने से पहले पूरी रात यात्रा की और फिर सीधे वारदात को अंजाम दिया। जांच में सामने आया है कि मीणा किराए की वैन लेकर रातभर सफर करता हुआ दिल्ली पहुंचा था। राजधानी पहुंचने के बाद वह सीधे IRS अधिकारी के घर गया, जहां उसने इस जघन्य हत्या को अंजाम दिया। इस बीच, जब बुधवार सुबह दिल्ली पुलिस की टीम राजस्थान के अलवर पहुंची, तो वहां एक और सनसनीखेज जानकारी सामने आई। पुलिस को बताया गया कि मंगलवार रात करीब 10 बजे मीणा के एक परिचित की पत्नी ने शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि उसी रात मीणा ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। इस खुलासे के बाद आरोपी की आपराधिक गतिविधियों की गंभीरता और बढ़ गई है। पुलिस अब दोनों मामलों रेप और हत्या को जोड़कर जांच कर रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की कड़ी से कड़ी जोड़ी जा सके।
मंगलवार रात अलवर में था
अलवर पुलिस के अनुसार, रेप पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया है कि आरोपी उसके पति का दोस्त है और पहले से ही उनके घर आता-जाता था। इस मामले पर जानकारी देते हुए सुधीर चौधरी (पुलिस अधीक्षक, अलवर) ने बताया कि मंगलवार देर रात आरोपी पीड़िता के घर पहुंचा था। उस समय उसका पति एक शादी समारोह में गया हुआ था। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर महिला के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी और महिला का पति आपस में जुए की गतिविधियों के जरिए जुड़े हुए थे। यही कनेक्शन आरोपी के घर तक पहुंचने की वजह बना।
10000 रुपये में फोन बेचा
रेप की शिकायत दर्ज होने के कुछ ही समय बाद राहुल मीणा अलवर से फरार हो गया और सीधे दिल्ली की ओर निकल पड़ा। पुलिस के मुताबिक, फरारी के दौरान उसने अपना एक मोबाइल फोन करीब 10,000 रुपये में बेच दिया, ताकि यात्रा के लिए पैसे जुटा सके। इसके बाद उसने एक वैन किराए पर ली और ड्राइवर को 6,000 रुपये देने का वादा किया। हालांकि, दिल्ली पहुंचने के बाद आरोपी कथित तौर पर बिना पैसे दिए ही वैन से उतरकर फरार हो गया।
सुबह करीब 6:39 बजे अधिकारी के घर में घुसा
मामले पर जानकारी देते हुए विजय कुमार (ज्वाइंट कमिश्नर, दक्षिणी रेंज, दिल्ली पुलिस) ने बताया कि आरोपी राहुल मीणा बुधवार सुबह करीब 6:39 बजे अधिकारी के घर में घुसा था। पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया, लेकिन उसी दिन देर रात उसे गिरफ्तार कर लिया गया। शुरुआती पूछताछ में यह संकेत मिले हैं कि इस जघन्य अपराध के पीछे सिर्फ लूट ही नहीं, बल्कि बदले की भावना भी हो सकती है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को कुछ समय पहले नौकरी से निकाल दिया गया था, जिसके चलते उसके मन में परिवार के प्रति दुश्मनी या नाराजगी हो सकती है। इसी वजह से उसने बदला लेने के इरादे से इस वारदात को अंजाम दिया हो ऐसी आशंका जताई जा रही है।
नकदी और कीमती सामान लेकर फरार
पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग मिले हैं। जांच के मुताबिक, आरोपी राहुल मीणा बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे इलाके में घूमता हुआ कैमरे में नजर आया। इसके बाद करीब 6:39 बजे वह घर के अंदर दाखिल हुआ। करीब 40 मिनट तक घर के भीतर रहने के बाद, उसे सुबह लगभग 7:15 बजे बाहर निकलते हुए फिर से सीसीटीवी में देखा गया। जानकारी के अनुसार, बाहर निकलने से पहले उसने अपने कपड़े खासतौर पर पैंट और जूते बदल लिए थे, ताकि पहचान छिपाई जा सके। जांच अधिकारियों के अनुसार, इसी दौरान आरोपी ने घर के अंदर पीड़िता के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह एक काले रंग के बैग में नकदी और कीमती सामान लेकर मौके से फरार हो गया।
स्मार्ट कार्ड से खुलता था दरवाजा
जांच में यह बात भी सामने आई है कि IRS अधिकारी के घर में काफी मजबूत सुरक्षा व्यवस्था थी, इसके बावजूद आरोपी राहुल मीणा अंदर घुसने में कामयाब रहा। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, तीसरी मंजिल पर स्थित घर के बाहर कई स्तर की सुरक्षा मौजूद थी मुख्य दरवाजे पर डिजिटल लॉक, सीढ़ियों के रास्ते से प्रवेश से पहले स्टील का गेट और लिफ्ट के बाहर एक अतिरिक्त दरवाजा। खास बात यह थी कि स्टील का दरवाजा केवल स्मार्ट कार्ड से ही खुल सकता था, जिससे अनधिकृत प्रवेश लगभग असंभव माना जाता है।
जांच में यह भी पता चला है कि सीढ़ियों का रास्ता अंदर से बंद रहता था, यानी उस तरफ से कोई अंदर नहीं आ सकता था। ऐसे में लिफ्ट ही एकमात्र रास्ता बचता है। अधिकारी ने बताया कि जब दंपति जिम के लिए घर से निकलते थे, तो वे लिफ्ट के बाहर का दरवाजा खुला छोड़ देते थे। ऐसा इसलिए किया जाता था ताकि लौटते समय वे बिना बेटी को परेशान किए सीधे अंदर आ सकें, क्योंकि उनके पास स्मार्ट कार्ड होता था।
कई लोगों से पैसे मांगे थे
इस सनसनीखेज वारदात में घर की अंदरूनी जानकारी का बड़ा रोल रहा। पुलिस के मुताबिक, दंपति जब सुबह घर से निकलते थे तो वे एक स्मार्ट कार्ड बाहर ही छिपा देते थे, ताकि घरेलू सहायिकाएं जरूरत पड़ने पर अंदर आ सकें। आरोपी राहुल मीणा को इस व्यवस्था और चाबी छिपाने की जगह की पूरी जानकारी थी। यही जानकारी उसके लिए सबसे बड़ा मौका बन गई। वह दंपति की रोजमर्रा की दिनचर्या से भी वाकिफ था, जिससे उसे यह पता था कि घर में कब कौन मौजूद रहेगा। स्थानीय लोगों ने भी आरोपी की संदिग्ध गतिविधियों की पुष्टि की है। इलाके के निवासियों के अनुसार, वह पिछले कुछ समय से लोगों से पैसे मांग रहा था। उसी गली में सब्जी बेचने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि मीणा ने उससे भी पैसे मांगे थे, लेकिन उसने देने से इनकार कर दिया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

