पटना/कुंदन कुमार। इंडियन एक्सक्लूसिव पार्टी के विधायक आई.पी. गुप्ता ने बिहार की वर्तमान सियासत और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की आगामी यात्रा को लेकर तीखा हमला बोला है। विधायक गुप्ता ने जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के भीतर बढ़ती वैचारिक दूरी पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि अब पूर्व मुख्यमंत्री और उनके विधायकों के बीच संवाद पूरी तरह समाप्त हो चुका है।
जदयू विधायकों पर ‘संघी’ होने का आरोप
विधायक आई.पी. गुप्ता ने एक विवादित बयान देते हुए कहा कि जदयू के विधायक अब पूरी तरह से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की विचारधारा के पोषक बन गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जदयू के भीतर ‘संघी’ विचारधारा इस कदर हावी हो चुकी है कि पार्टी के विधायक अब अपने नेता और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को तवज्जो नहीं दे रहे हैं। गुप्ता के अनुसार, स्थिति यहां तक पहुंच गई है कि विधायक अब नीतीश कुमार से मिलने तक नहीं जाते हैं।
यात्रा के जरिए साख बचाने की कोशिश
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा प्रस्तावित यात्रा पर कटाक्ष करते हुए गुप्ता ने कहा कि जब अपनी ही पार्टी के विधायक साथ छोड़ने लगें, तो जनता के बीच जाना एक मजबूरी बन जाती है। उन्होंने कहा कि नीतीश जी को भी इस बात का अहसास हो गया है कि उनके विधायक अब उनकी नहीं सुन रहे, इसीलिए वे एक बार फिर यात्रा के जरिए अपनी राजनीतिक जमीन और साख को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।
सम्राट चौधरी से महिला सुरक्षा की उम्मीद
वहीं, प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक नेतृत्व और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को लेकर विधायक गुप्ता के सुर थोड़े नरम नजर आए। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अभी सम्राट जी ने कमान संभाली है, उन्हें थोड़ा वक्त मिलना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में कानून-व्यवस्था, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर ठोस और सकारात्मक कार्य किए जाएंगे।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

