पटना। शहर के एएन कॉलेज परीक्षा केंद्र पर बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की परीक्षा के दौरान धांधली का एक गंभीर मामला सामने आया है। सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी पद के लिए आयोजित इस परीक्षा में एक अभ्यर्थी और बायोमेट्रिक मशीन की एक महिला कर्मी को धोखाधड़ी के आरोप में रंगे हाथ पकड़कर गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान वैशाली की निवासी अंशुप्रिया (बायोमेट्रिक कर्मी) और नालंदा के रहने वाले रौशन कुमार (अभ्यर्थी) के रूप में हुई है।

​एएन कॉलेज सेंटर पर ऐसे हुआ खुलासा

​यह घटना 23 अप्रैल की है, जब एएन कॉलेज के परीक्षा भवन स्थित हॉल नंबर 4 में परीक्षा चल रही थी। सेंटर सुपरिंटेंडेंट शैलेश कुमार सिंह द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, सीट नंबर 59 पर बैठे अभ्यर्थी रौशन कुमार (रोल नंबर 217939) की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। ड्यूटी पर तैनात वीक्षक प्रमोद कुमार और राजेश्वरी प्रसाद सिंह को जब संदेह हुआ, तो उन्होंने अभ्यर्थी की तलाशी ली।

​’G’ सीरीज के उत्तर और बायोमेट्रिक कर्मी की भूमिका

​तलाशी के दौरान अभ्यर्थी के पास से ‘G’ सीरीज के प्रश्न पत्र के उत्तर लिखे हुए कागज (चिट) बरामद किए गए। पूछताछ और जांच में यह चौंकाने वाली बात सामने आई कि ये पुर्जे परीक्षा केंद्र पर तैनात बायोमेट्रिक कर्मी अंशु प्रिया ने उसे उपलब्ध कराए थे। वीक्षकों ने महिला कर्मी को अभ्यर्थी को पुर्जे देते हुए देख लिया था। रौशन कुमार इन पुर्जों को अपनी ओएमआर (OMR) शीट के नीचे छिपाकर उत्तर लिख रहा था।

​पुलिस की कार्रवाई और बरामद दस्तावेज

​एसके पुरी थाने के थानाध्यक्ष जितेंद्र राणा ने बताया कि सेंटर सुपरिंटेंडेंट के आवेदन पर तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मौके से अभ्यर्थी का आधार कार्ड, प्रवेश पत्र, आईडी कार्ड और चिट के पुर्जे जब्त कर लिए हैं। पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि इस धांधली के पीछे कोई बड़ा सिंडिकेट या नेटवर्क तो काम नहीं कर रहा है। पकड़े गए दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है ताकि इस मामले की अन्य कड़ियों को भी जोड़ा जा सके।