मुंबई/समस्तीपुर‌। महाराष्ट्र और गुजरात एटीएस (ATS) की एक संयुक्त कार्रवाई में बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले एक युवक, मुर्शीद जहीर अख्तर शेख को मुंबई से गिरफ्तार किया गया है। मुर्शीद पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और अन्य आतंकी संगठनों के संपर्क में रहने के गंभीर आरोप लगे हैं। 22 अप्रैल को हुई इस गिरफ्तारी के बाद से ही समस्तीपुर के पटोरी इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

​बड़े भाई के साथ काम करने गया था मुर्शीद

​गिरफ्तार युवक मुर्शीद के पिता मोहम्मद जाहिद ने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी समाचारों के माध्यम से मिली। मुर्शीद चार भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटा है। वह पिछले साल ही मुंबई गया था, जहां उसका बड़ा भाई मोनाजिर बिरयानी की दुकान चलाता है। पिता के अनुसार, दोनों भाई मुंबई में साथ रहकर काम कर रहे थे। परिवार का कहना है कि वह इतनी बड़ी साजिश का हिस्सा कैसे हो सकता है, जबकि वह मुंबई में केवल रोजी-रोटी के लिए गया था।

​परिजनों का दावा: ‘मानसिक रूप से बीमार है बेटा’

​मुर्शीद के माता-पिता ने आतंकी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उसे बेकसूर बताया है। पिता जाहिद का कहना है कि मुर्शीद मानसिक रूप से अस्वस्थ रहा है और उसका इलाज भी कराया गया था। वहीं, मां बरहत खातून ने भावुक होते हुए कहा, मेरा बेटा आतंकी नहीं हो सकता। 15 दिन पहले ही फोन पर बात हुई थी, वह घर आने वाला था। जो बच्चा खुद बीमार हो, वह किसी आतंकी संगठन के लिए काम कैसे कर सकता है?

​ग्रामीणों की नजर में शरीफ है परिवार

​पटोरी के शिउरा गांव के ग्रामीणों के अनुसार, मुर्शीद का परिवार बेहद साधारण और शांत स्वभाव का है। पिता गांव में खेती-बाड़ी करते हैं, जबकि अन्य दो भाई सिलाई का काम करते हैं। गांव वालों का कहना है कि इस परिवार का आज तक किसी से कोई विवाद नहीं रहा है और न ही उन पर कभी कोई पुलिस केस हुआ है। परिवार की आर्थिक स्थिति भी सामान्य है।

​पुलिस और प्रशासन की जांच

​इस मामले पर पटोरी के डीएसपी बीके मेधावी ने स्पष्ट किया कि मुर्शीद की गिरफ्तारी मुंबई में हुई है। स्थानीय स्तर पर की गई जांच में अभी तक परिवार के खिलाफ कोई भी आपराधिक रिकॉर्ड या संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई है। गांव में उनका व्यवहार हमेशा अच्छा रहा है। फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां मुर्शीद के डिजिटल फुटप्रिंट्स और संपर्कों की सघन जांच कर रही हैं ताकि सच्चाई का पता लगाया जा सके।