Bihar Top News Today 25 april 2026: बिहार (BIHAR) में आज 25 अप्रैल को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
योगी के रास्ते पर सम्राट
पटना। बिहार में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर नीतीश-सम्राट की NDA सरकार ने एक बड़ा सुरक्षा रोडमैप तैयार किया है। उत्तर प्रदेश की तर्ज पर अब बिहार में भी मनचलों की खैर नहीं होगी। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने ‘एंटी रोमियो स्क्वाड’ की तर्ज पर ‘अभया ब्रिगेड’ (पुलिस दीदी) को हाईटेक बनाने का निर्णय लिया है। इसके तहत राज्य के सभी शिक्षण संस्थानों के बाहर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
मुंबई से ISI का संदिग्ध गुर्गा गिरफ्तार
मुंबई/समस्तीपुर। महाराष्ट्र और गुजरात एटीएस (ATS) की एक संयुक्त कार्रवाई में बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले एक युवक, मुर्शीद जहीर अख्तर शेख को मुंबई से गिरफ्तार किया गया है। मुर्शीद पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और अन्य आतंकी संगठनों के संपर्क में रहने के गंभीर आरोप लगे हैं। 22 अप्रैल को हुई इस गिरफ्तारी के बाद से ही समस्तीपुर के पटोरी इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
अनंत सिंह के घर लिट्टी-चोखा खाएंगे सोनू सूद?
पटना। बिहार की राजनीति के दिग्गज और मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह कोई सियासी बयान नहीं, बल्कि बॉलीवुड के ‘मसीहा’ सोनू सूद के साथ उनकी खास बातचीत है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो कॉल क्लिप ने हलचल मचा दी है, जिसमें सोनू सूद अनंत सिंह के अंदाज की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं।
पप्पू यादव के खिलाफ महिला ने दर्ज करवाई शिकायत
पटना। पूर्णिया सांसद पप्पू यादव द्वारा महिलाओं को लेकर दिए गए एक विवादास्पद बयान ने अब तूल पकड़ लिया है। इस मामले में पटना के शास्त्रीनगर थाने में उनके खिलाफ मोर्चा खोलते हुए एक महिला ने लिखित शिकायत दर्ज कराई है। बेगूसराय के तेघड़ा की रहने वाली रीना कुमारी चौधरी ने थाने पहुंचकर सांसद के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई और सार्वजनिक माफी की मांग की है।
मॉकड्रिल: हाईकोर्ट में AK-47 लेकर घुसे आतंकी ढेर
पटना। बिहार की राजधानी स्थित पटना उच्च न्यायालय परिसर आज उस समय ‘जंग का मैदान’ नजर आने लगा, जब अचानक सुरक्षा बलों की गाड़ियां सायरन बजाते हुए दाखिल हुईं। दरअसल, यह कोई वास्तविक हमला नहीं बल्कि बिहार पुलिस की एंटी-टेररिज्म स्क्वाड (ATS) द्वारा आयोजित एक सघन मॉक ड्रिल थी। इसका मुख्य उद्देश्य किसी भी संभावित आतंकी खतरे या आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा तैयारियों का जायजा लेना था।
BPSC मेंस परीक्षा
पटना। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की एकीकृत 71वीं संयुक्त मुख्य (लिखित) प्रतियोगिता परीक्षा आज, शनिवार से शुरू हो गई है। प्रदेश के प्रशासनिक ढांचे को मजबूती देने के उद्देश्य से आयोजित यह परीक्षा 25 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक चलेगी। इस बार परीक्षा के सफल संचालन के लिए राजधानी पटना में कुल 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 13,024 मुख्य परीक्षा के अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
गर्मी का थर्ड डिग्री टॉर्चर
Weather update: बिहार के करीब 23 जिले इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 5 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है, जहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की प्रबल संभावना है। रोहतास का डेहरी इलाका वर्तमान में सबसे गर्म दर्ज किया गया है, जहां पारा 44 डिग्री तक पहुंच चुका है।
सेल्फी के शौक ने ली तीन मासूमों की जान
नवगछिया। बिहार के भागलपुर जिले के रंगरा थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां गंगा नदी में मुंडन संस्कार के दौरान तीन नाबालिग बच्चों की डूबने से मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब बच्चे स्नान करते समय सेल्फी ले रहे थे और अचानक पैर फिसलने के कारण गहरे पानी में चले गए। इस घटना ने खुशी के माहौल को मातम में बदल दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मधेपुरा जिले के चौसा थाना क्षेत्र अंतर्गत भटगामा निवासी कुमोद यादव अपने परिवार के साथ रंगरा के तीनटंगा झल्लू दास टोला आए थे। यहां उनके बच्चों का मुंडन संस्कार होना था। पूजा-अर्चना और मुख्य स्नान के बाद, बच्चे दोबारा नदी में नहाने चले गए। इसी दौरान सेल्फी लेने के प्रयास में उनका संतुलन बिगड़ा और वे कछार से सीधे गहरे पानी में समा गए।
तेजस्वी के बयान से खलबली
पटना/कोलकाता। पश्चिम बंगाल की चुनावी बिसात पर अब बिहार के सियासी सूरमाओं ने भी ताल ठोक दी है। कोलकाता में प्रवासी बिहारियों के बीच पहुंचे बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कुछ ऐसा कहा, जिसने न केवल सभा में जोश भर दिया, बल्कि सियासी गलियारों में सस्पेंस भी गहरा कर दिया है। तेजस्वी यादव ने सीधे तौर पर केंद्र सरकार को चुनौती देते हुए साफ कर दिया कि वह जांच एजेंसियों की धमकियों से दबने वाले नहीं हैं।
वार्ड पार्षद की हत्या
छपरा। जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां खुशियों भरा माहौल चंद मिनटों में चीख-पुकार में बदल गया। मांझी नगर पंचायत के गोढा गांव में शनिवार को होने वाले तिलक समारोह से ठीक पहले पड़ोसियों के विवाद में वार्ड पार्षद की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचान वार्ड संख्या 9 के पार्षद राजा बाबू ठाकुर (पिता अशोक ठाकुर) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शनिवार को राजा बाबू का तिलक समारोह आयोजित होना था। घर के बाहर टेंट लग चुके थे, मंगल गीत गाए जा रहे थे और रिश्तेदारों का जमावड़ा लगा था। इसी बीच शुक्रवार देर रात करीब नौ बजे मामूली बात पर पड़ोसियों से विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

