सुंदरगढ़। ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां भीषण गर्मी और लू के बीच जनगणना कार्य में जुटे एक सरकारी स्कूल शिक्षक की अचानक मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर इस मौत का कारण हीटस्ट्रोक (अंशुघात) माना जा रहा है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

मृतक की पहचान अनुराग एक्का के रूप में हुई है, जो गुरुंडिया ब्लॉक के जरडा हाई स्कूल में सहायक शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। जानकारी के मुताबिक, एक्का पिछले कई दिनों से जनगणना के तहत घर-घर जाकर आंकड़े एकत्र करने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान जरडा गांव में ड्यूटी के समय वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़े।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और साथियों ने उन्हें तत्काल सुंदरगढ़ जिला मुख्य अस्पताल (DHH) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि अनुराग एक्का 17 तारीख से लगातार जनगणना ड्यूटी में लगे हुए थे और भीषण गर्मी के बावजूद फील्ड में काम कर रहे थे।

गौरतलब है कि ओडिशा सरकार ने बढ़ते तापमान को देखते हुए निर्देश जारी किए थे कि दोपहर 11 बजे से 3 बजे के बीच फील्डवर्क को स्थगित रखा जाए, ताकि कर्मचारियों को लू के खतरे से बचाया जा सके। हालांकि इस मामले में इन निर्देशों का पालन हुआ या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

इस घटना ने भीषण गर्मी के बीच फील्ड ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शिक्षक संगठनों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे हालात में कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं और कार्य के दौरान समय एवं परिस्थितियों का विशेष ध्यान रखा जाए।

इस समय ओडिशा भीषण लू की चपेट में है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ऐसे में फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों के लिए जोखिम काफी बढ़ गया है। प्रशासन के सामने अब यह चुनौती है कि जरूरी सरकारी कार्यों के साथ-साथ कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H