चंकी बाजपेयी, इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर की सड़कों पर अब नशे का जहर आम नागरिकों की सुरक्षा को निगल रहा है। ताजा मामला एरोड्रम थाना क्षेत्र के बांगड़दा रोड का है, जहां एक हंसता खेलता परिवार खौफनाक मंजर का शिकार होते-होते बचा। शादी की खुशियां बांटने निकले एक दंपत्ति को क्या पता था कि एक सिरफिरा उनका रास्ता रोक कर खड़ा हो जाएगा और उनके जान पर बन आएगी। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
खुशियों के बीच ‘खौफ की एंट्री’
घटना बांगड़दा रोड स्थित कालका मंदिर के पास की है। बताया जा रहा है कि परिवार सतपीपलीया इछावर का रहने वाला है। अंकुश परमार और उनका परिवार कार से अपने रिश्तेदारों के यहां शादी की पत्रिका देने निकले थे। जैसे ही वे कालका माता मंदिर के पास पहुंचे, नशे में धुत एक युवक फिल्मी स्टाइल में उनकी कार के सामने आ गया और डंडा लहराते हुए हमला करने की कोशिश करने लगा।
गाड़ी टकराने का बहाना
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी युवक नशे में धुत है। वह दंपति पर यह आरोप लगाते हुए वार कर रहा है कि उनकी गाड़ी से उसे टक्कर लगी है जबकि मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि यह महज विवाद खड़ा करने का बहाना था।
मासूम बच्चों के सामने डंडे से हमला
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी किस तरह हाथ में डंडा लेकर कार सवार परिवार को डरा रहा है। पीड़ित माता-पिता अपने बच्चों की सुरक्षा के लिए डरे-सहमे आरोपी से छोड़ने की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन नशे में धुत युवक पर इसका कोई असर नहीं हुआ। वही इस हंगामें के कारण सड़क पर जाम की स्थिति बन गई और वहां से गुजरने वाले अन्य राहगीर भी सहम गए।
पुलिस ने की आरोपी की पहचान
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद एरोड्रम थाना पुलिस हरकत में आई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली गई है। मामला वाहन टकराने को लेकर उपजे विवाद से शुरू हुआ था। फिलहाल मामले की जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

